वैभव सूर्यवंशी का ऐतिहासिक प्रदर्शन, ऋषभ पंत का रिकॉर्ड तोड़ साउथ अफ्रीका के खिलाफ रचा नया कीर्तिमान

वैभव सूर्यवंशी का ऐतिहासिक प्रदर्शन, ऋषभ पंत का रिकॉर्ड तोड़ साउथ अफ्रीका के खिलाफ रचा नया कीर्तिमान

भारत के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी जब भी मैदान पर उतरते हैं, तो सभी की नजरें उनकी बल्लेबाजी पर टिकी रहती हैं। बेहद कम उम्र में ही वे शानदार प्रदर्शन करते हुए लगातार नए-नए कीर्तिमान रच रहे हैं।

स्पोर्ट्स न्यूज़: भारतीय क्रिकेट को एक और उभरता हुआ सितारा मिल गया है। युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेली जा रही यूथ वनडे सीरीज के दूसरे मुकाबले में ऐसा कारनामा कर दिखाया है, जिसने उन्हें अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट जगत में चर्चा का केंद्र बना दिया है। अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी के दम पर वैभव ने ऋषभ पंत का वर्षों पुराना रिकॉर्ड तोड़ते हुए भारत के लिए यूथ वनडे क्रिकेट में सबसे तेज अर्धशतक लगाने का नया रिकॉर्ड कायम कर दिया है।

केवल 15 गेंदों में अर्धशतक, बना नया रिकॉर्ड

भारत और साउथ अफ्रीका की अंडर-19 टीमों के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज खेली जा रही है। सीरीज के दूसरे मुकाबले में भारतीय टीम की कप्तानी कर रहे वैभव सूर्यवंशी ने महज 15 गेंदों में अर्धशतक पूरा कर इतिहास रच दिया। इससे पहले यह रिकॉर्ड ऋषभ पंत के नाम था, जिन्होंने 18 गेंदों में यूथ वनडे में भारत के लिए अर्धशतक जड़ा था।

इतनी कम उम्र में इस तरह का आत्मविश्वास और आक्रामकता दिखाना वैभव सूर्यवंशी को एक विशेष खिलाड़ी बनाता है। उनकी यह पारी आने वाले आईसीसी टूर्नामेंट्स से पहले भारतीय क्रिकेट के लिए बेहद सकारात्मक संकेत मानी जा रही है।

24 गेंदों में 68 रन, गेंदबाजों पर कहर

अर्धशतक पूरा करने के बाद भी वैभव सूर्यवंशी का बल्ला थमा नहीं। उन्होंने 24 गेंदों पर 68 रन की विस्फोटक पारी खेली। हालांकि, आक्रामक अंदाज में खेलते हुए वह अपना शतक पूरा नहीं कर सके और आउट हो गए। इसके बावजूद उनकी यह पारी मैच का टर्निंग पॉइंट साबित हुई। इस पारी के दौरान वैभव ने कुल 10 छक्के और सिर्फ 1 चौका लगाया। यानी उनके 68 में से 64 रन सीधे बाउंड्री से आए। यह आंकड़ा उनकी ताकत और आक्रामक सोच को साफ तौर पर दर्शाता है। केवल चार रन ही उन्होंने दौड़कर बनाए, जो उनके स्ट्राइक रेट और इरादों को बयां करता है।

मैच की बात करें तो साउथ अफ्रीका की यूथ टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 49.3 ओवर में 245 रन बनाए। इसके जवाब में भारतीय टीम को 246 रन का लक्ष्य मिला। हालांकि, बारिश के कारण मैच को रोकना पड़ा और बाद में डकवर्थ-लुईस नियम के तहत भारत को 27 ओवर में 174 रन का संशोधित लक्ष्य मिला।

वैभव सूर्यवंशी की तूफानी शुरुआत ने भारत की जीत को लगभग तय कर दिया। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी के चलते भारतीय टीम ने लक्ष्य को आसानी से हासिल किया और मुकाबला अपने नाम कर लिया।

 

Leave a comment