वाराणसी में मौसम अचानक बदल गया है। पछुआ हवाओं के प्रभाव से दिन और रात, दोनों समय तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे शहर में ठंड का असर बढ़ गया है। मौसम विभाग ने आगामी दिनों के लिए विशेष अलर्ट जारी करते हुए चेतावनी दी है कि अगले तीन से चार दिनों में पारा और नीचे जा सकता है।
मंगलवार को बाबतपुर क्षेत्र में अधिकतम तापमान करीब 26 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, बीएचयू इलाके में भी अधिकतम तापमान सामान्य से कम रहा और रात के तापमान में गिरावट स्पष्ट रूप से देखी गई। तेज हवाओं के चलते सुबह-शाम ठिठुरन बढ़ी है और लोगों को गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ रहा है।
मौसम विभाग का अनुमान है कि तापमान में दो से चार डिग्री तक की और गिरावट संभव है। साथ ही, भोर के समय हल्का कोहरा या धुंध भी छा सकता है, जिससे दृश्यता प्रभावित होगी। विभाग ने लोगों से सलाह दी है कि वे ठंड से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियाँ अपनाएँ और मौसम में होने वाले बदलावों पर नज़र रखें।









