Virat Kohli घरेलू क्रिकेट में जल्द करेंगे वापसी, विजय हजारे ट्रॉफी में खेलने के लिए DDCA को दी जानकारी

Virat Kohli घरेलू क्रिकेट में जल्द करेंगे वापसी, विजय हजारे ट्रॉफी में खेलने के लिए DDCA को दी जानकारी

घरेलू क्रिकेट में वापसी के लिए विराट कोहली पूरी तरह तैयार हैं और वह विजय हजारे ट्रॉफी में खेलते नजर आएंगे। इस बारे में उन्होंने दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ (DDCA) को जानकारी दे दी है।

स्पोर्ट्स न्यूज़: भारतीय क्रिकेट के पूर्व कप्तान विराट कोहली (Virat Kohli) घरेलू क्रिकेट में वापसी के लिए तैयार हैं। कोहली ने विजय हजारे ट्रॉफी (Vijay Hazare Trophy) में दिल्ली (Delhi) के लिए खेलने की पुष्टि दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ (DDCA) को दी है। इस ऐलान के साथ ही भारतीय क्रिकेट फैंस के बीच उत्साह की लहर दौड़ गई है।

डीडीसीए के अध्यक्ष रोहन जेटली (Rohan Jaitley) ने पुष्टि की कि कोहली ने विजय हजारे ट्रॉफी में खेलने के लिए अपनी उपस्थिति सुनिश्चित कर दी है। जेटली ने कहा, "वह कितने मैच खेलेंगे, यह अभी तय नहीं है, लेकिन उनके शामिल होने से दिल्ली की टीम को बहुत ताकत मिलेगी।

घरेलू वापसी के पीछे का कारण

कोहली ने टेस्ट और टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया है और अब सिर्फ वनडे प्रारूप में खेलते हैं। फिलहाल वे भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच चल रही 3 मैचों की वनडे सीरीज में सक्रिय हैं। उनकी नजरें आगामी वनडे विश्व कप 2027 (ODI World Cup 2027) की तैयारियों पर हैं। विजय हजारे ट्रॉफी का आगामी सत्र 24 दिसंबर से अहमदाबाद में शुरू होगा। 

दिल्ली की टीम अपने पांच लीग मैच अलूर (Alur) में खेलेगी, जबकि बाकी दो मुकाबले बंगलूरू के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम (M. Chinnaswamy Stadium) में होंगे। यह मैदान विराट की आईपीएल टीम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) का घरेलू मैदान भी है।

कोहली की पिछली घरेलू उपलब्धियां

विराट कोहली ने पिछली बार दिल्ली के लिए 50 ओवर का मुकाबला सितंबर 2013 में खेला था। वह उस समय एनकेपी साल्वे चैलेंजर ट्रॉफी (NKP Salve Challenger Trophy) में दिल्ली की कप्तानी कर रहे थे। इसके अलावा कोहली ने 2009-10 सीजन में खेले गए विजय हजारे ट्रॉफी अभियान में भी दिल्ली की कप्तानी की थी।

अब लगभग एक दशक बाद कोहली की घरेलू वापसी, दिल्ली टीम के लिए प्रेरणास्त्रोत साबित होगी। उनके अनुभव और आक्रामक खेल से टीम की रणनीति और प्रदर्शन पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।

 

Leave a comment