महिला प्रीमियर लीग 2026 (WPL 2026) में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) का शानदार प्रदर्शन जारी है। टूर्नामेंट के नौवें मुकाबले में स्मृति मंधाना की कप्तानी वाली आरसीबी ने गुजरात जायंट्स (Gujarat Giants) को 32 रनों से हराकर जीत की हैट्रिक पूरी कर ली।
RCB beat GG: महिला प्रीमियर लीग 2026 के जारी संस्करण के नौवें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गुजरात जायंट्स को 32 रनों से मात दी। स्मृति मंधाना की कप्तानी में आरसीबी ने लगातार तीसरी जीत दर्ज कर अपनी मजबूत स्थिति कायम रखी। इस मैच में आरसीबी की स्पिनर श्रेयंका पाटिल ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट झटके। 183 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए गुजरात जायंट्स की पूरी टीम 150 रनों पर सिमट गई।
183 रनों के लक्ष्य के सामने बिखरी गुजरात की बल्लेबाजी
आरसीबी द्वारा दिए गए 183 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए गुजरात जायंट्स की शुरुआत ठीक नहीं रही। टीम का पहला विकेट 34 रन के स्कोर पर गिरा, जब सोफी डिवाइन (8 रन) को अरुंधति रेड्डी ने शानदार कैच लेकर पवेलियन भेजा। इसके बाद अगली ही ओवर में बेथ मूनी भी श्रेयंका पाटिल का शिकार बनीं। मूनी ने 14 गेंदों में 27 रनों की तेज पारी खेली, लेकिन वह टीम को संभाल नहीं सकीं।
गुजरात को तीसरा बड़ा झटका कप्तान एश गार्डनर के रूप में लगा, जो सिर्फ 3 रन बनाकर आउट हो गईं। शुरुआती विकेट जल्दी गिरने से गुजरात की रनचेज पूरी तरह दबाव में आ गई।
श्रेयंका पाटिल का पंजा, गुजरात की कमर टूटी

मैच में श्रेयंका पाटिल ने अपनी फिरकी से गुजरात की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। उन्होंने 3.5 ओवरों में 23 रन देकर 5 विकेट झटके। श्रेयंका ने कनिका आहूजा को एलबीडब्ल्यू आउट किया, जबकि जॉर्जिया वेयरहैम (13 रन) गुजरात की पांचवीं विकेट बनीं। इसके बाद उन्होंने काशवी गौतम (18), तनूजा कंवर (21) और रेणुका सिंह (2) को आउट कर अपना Five-Wicket Haul पूरा किया। श्रेयंका की सटीक लाइन-लेंथ और वैरायटी के आगे गुजरात की बल्लेबाज टिक नहीं सकीं।
श्रेयंका पाटिल के अलावा लॉरेन बेल ने भी गेंदबाजी में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने 4 ओवरों में 29 रन देकर 3 विकेट लिए। लॉरेन ने एश गार्डनर, भारती फुलमाली और शिवानी सिंह को आउट किया। गुजरात की ओर से भारती फुलमाली ने सबसे ज्यादा रन बनाए। उन्होंने 20 गेंदों में 3 छक्कों और 3 चौकों की मदद से 39 रनों की संघर्षपूर्ण पारी खेली, लेकिन टीम को जीत तक नहीं पहुंचा सकीं। पूरी गुजरात टीम 150 रन पर सिमट गई।
RCB की पारी: राधा यादव और ऋचा घोष का शानदार कमबैक
इससे पहले गुजरात जायंट्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। आरसीबी की शुरुआत खराब रही और टॉप ऑर्डर पूरी तरह फ्लॉप रहा। स्मृति मंधाना (5), ग्रेस हैरिस (17), दयालन हेमलता (4) और गौतम नाइक (9) जल्दी आउट हो गईं। एक समय आरसीबी का स्कोर 43 रन पर 4 विकेट था। इसके बाद राधा यादव और ऋचा घोष ने पारी को संभालते हुए शानदार बल्लेबाजी की।
राधा यादव ने 47 गेंदों में 66 रन बनाए, जिसमें 3 छक्के और 6 चौके शामिल थे। वहीं ऋचा घोष ने 28 गेंदों में 44 रन जड़े, उन्होंने 2 छक्के और 2 चौके लगाए। इन दोनों की साझेदारी की बदौलत आरसीबी ने 20 ओवरों में 7 विकेट पर 182 रन बनाए। यह रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की लगातार तीसरी जीत है। टीम ने टूर्नामेंट के पहले मैच में मुंबई इंडियंस को 3 विकेट से हराया था, जबकि दूसरे मुकाबले में यूपी वॉरियर्स को 9 विकेट से मात दी थी। गुजरात जायंट्स के खिलाफ 32 रनों की जीत के साथ आरसीबी WPL 2026 Points Table में पहले स्थान पर बनी हुई है।










