ब्रिटेन की यूनिवर्सिटी ऑफ शेफील्ड ने अंतरराष्ट्रीय अंडरग्रेजुएट छात्रों के लिए स्कॉलरशिप का ऐलान किया है. सितंबर 2026 इनटेक के लिए चुने गए पात्र छात्रों को 7,500 पाउंड की वित्तीय सहायता मिलेगी, जिसे सीधे ट्यूशन फीस में एडजस्ट किया जाएगा. यह योजना उन स्टूडेंट्स के लिए मददगार होगी जो विदेश में पढ़ाई का सपना रखते हैं लेकिन फीस का बोझ बड़ी बाधा बनता है.
UK Scholarship: ब्रिटेन की यूनिवर्सिटी ऑफ शेफील्ड ने अंतरराष्ट्रीय छात्रों के लिए बड़ी राहत का ऐलान किया है. सितंबर 2026 इनटेक के लिए फुल-टाइम अंडरग्रेजुएट प्रोग्राम में एडमिशन लेने वाले छात्रों को 7,500 पाउंड (करीब 8.75 लाख रुपये) की स्कॉलरशिप मिलेगी. यह राशि सीधे ट्यूशन फीस में समायोजित होगी. यूके में ऊंची फीस के कारण कई भारतीय और विदेशी छात्र हिचकिचाते हैं, ऐसे में यह कदम उन्हें वित्तीय सहायता देकर ग्लोबल एजुकेशन का मौका देगा. यह स्कॉलरशिप मेडिसिन और डेंटिस्ट्री को छोड़कर अधिकांश अंडरग्रेजुएट कोर्सेज के लिए लागू होगी.
किन छात्रों को मिलेगी स्कॉलरशिप
यूनिवर्सिटी ऑफ शेफील्ड की यह स्कॉलरशिप सभी फुल-टाइम अंडरग्रेजुएट प्रोग्राम्स पर लागू होगी, हालांकि मेडिसिन और डेंटिस्ट्री के छात्र इस कैटेगरी में शामिल नहीं होंगे. यूनिवर्सिटी चाहती है कि अधिक से अधिक छात्र इसका फायदा उठा सकें, इसलिए यह सुविधा केवल उन छात्रों को मिलेगी जो किसी और स्कॉलरशिप का लाभ नहीं ले रहे हैं.
स्कॉलरशिप के लिए अलग से कोई फॉर्म भरने की जरूरत नहीं है. जैसे ही छात्र एडमिशन लेता है उसका नाम स्वतः ही स्कॉलरशिप प्रक्रिया में शामिल हो जाता है. यानी प्रवेश लेते ही उम्मीदवार इस सहायता के लिए पात्र हो जाता है. यह व्यवस्था आवेदन को सहज और पारदर्शी बनाती है.

क्यों खास है यह स्कॉलरशिप
यूके में पढ़ाई हमेशा से महंगी मानी जाती है और अंडरग्रेजुएट कोर्स की फीस कई लाख रुपये तक पहुंच जाती है. ऐसे में शेफील्ड यूनिवर्सिटी की यह स्कॉलरशिप भारतीय छात्रों सहित कई देशों के युवाओं के लिए बड़ा अवसर साबित होगी क्योंकि इससे पढ़ाई का खर्च काफी कम हो जाएगा.
यह पहल उन छात्रों को प्रोत्साहित करेगी जो विदेशी शिक्षा का सपना देखते हैं लेकिन आर्थिक कारणों से रुक जाते हैं. स्कॉलरशिप सीधे फीस में एडजस्ट होने से छात्रों को अलग से वित्तीय योजना बनाने की परेशानी भी नहीं होगी.












