4K टीवी पर बेहतरीन पिक्चर क्वालिटी पाने के लिए सिर्फ हाई रिजॉल्यूशन काफी नहीं होता। मोशन स्मूदिंग, शार्पनेस और इको मोड जैसी डिफॉल्ट सेटिंग्स कई बार वीडियो को बनावटी बना देती हैं। इन्हें सही तरीके से एडजस्ट करने पर मूवी, स्पोर्ट्स और ओटीटी कंटेंट ज्यादा क्लियर और नैचुरल नजर आता है।
4K TV Picture Quality Tips: आज के समय में 4K टीवी हर घर में पहुंच चुका है, लेकिन कई यूजर्स को उसकी असली क्वालिटी का अनुभव नहीं मिल पाता। इसकी वजह टीवी में पहले से ऑन कुछ सेटिंग्स होती हैं, जो पावर सेविंग और स्मूदनेस के नाम पर पिक्चर को जरूरत से ज्यादा प्रोसेस कर देती हैं। मोशन स्मूदिंग, शार्पनेस और इको मोड जैसी सेटिंग्स बदलकर आप घर बैठे ही थिएटर जैसा व्यूइंग एक्सपीरियंस पा सकते हैं।
मोशन स्मूदिंग क्यों बनती है परेशानी
मोशन स्मूदिंग फीचर वीडियो को ज्यादा स्मूद दिखाने के लिए एक्स्ट्रा फ्रेम जोड़ता है। इसका असर यह होता है कि फिल्म या वेब सीरीज का नैचुरल लुक खत्म हो जाता है और तस्वीर बनावटी लगने लगती है।
अलग-अलग ब्रांड्स में यह सेटिंग Motion Plus, TruMotion या Motion Flow जैसे नामों से मिलती है। बेहतर पिक्चर क्वालिटी के लिए इसे बंद करना ज्यादा सही माना जाता है, खासकर फिल्मों और ओटीटी कंटेंट के दौरान।

शार्पनेस सेटिंग का सही संतुलन
कई यूजर्स ज्यादा शार्पनेस को बेहतर क्वालिटी मान लेते हैं, जबकि हकीकत में इससे इमेज खराब हो सकती है। जरूरत से ज्यादा शार्पनेस पर टीवी ऑब्जेक्ट्स की नकली आउटलाइन बना देता है।
इससे चेहरे और बैकग्राउंड डिटेल्स ब्लरी या अननेचुरल दिखने लगते हैं। 4K टीवी पर शार्पनेस को मीडियम या न्यूनतम लेवल पर रखना बेहतर विजुअल एक्सपीरियंस देता है।
इको मोड से घटती है ब्राइटनेस
इको मोड का मकसद बिजली बचाना होता है, लेकिन इसके चलते टीवी अपनी पूरी डिस्प्ले क्षमता इस्तेमाल नहीं कर पाता। यह कंटेंट के हिसाब से ब्राइटनेस और कंट्रास्ट अपने आप घटा-बढ़ा देता है।
अगर आप मूवी या स्पोर्ट्स को फुल क्वालिटी में देखना चाहते हैं, तो इको मोड को बंद रखना ज्यादा फायदेमंद है। इससे रंग ज्यादा नैचुरल और स्क्रीन ज्यादा ब्राइट दिखती है।












