60 हजार से अधिक मरीज किडनी ट्रांसप्लांट के इंतजार में, भारत में अंगदान की स्थिति चिंताजनक

60 हजार से अधिक मरीज किडनी ट्रांसप्लांट के इंतजार में, भारत में अंगदान की स्थिति चिंताजनक

भारत में अंग ट्रांसप्लांट के लिए 82,285 से अधिक मरीज वेटिंग लिस्ट में हैं, जिसमें सबसे ज्यादा किडनी ट्रांसप्लांट के मामले हैं। पिछले पांच सालों में 72,993 ट्रांसप्लांट सफलतापूर्वक किए गए, लेकिन लगभग 3,000 मरीज इंतजार के दौरान अपनी जान गंवा चुके हैं। अंगदान की संख्या अभी भी सीमित है, और महिलाओं में डोनर बनने की इच्छा पुरुषों से अधिक देखी गई है।

Ang Transplant Statistics India: देश में अंग ट्रांसप्लांट के लिए 82,285 से अधिक मरीज वेटिंग लिस्ट में हैं, जिनमें किडनी ट्रांसप्लांट के मरीज सबसे अधिक हैं। केंद्र सरकार के आंकड़ों के अनुसार, 2020 से 2024 तक 72,993 सफल ट्रांसप्लांट हुए, लेकिन लगभग 3,000 मरीज इंतजार के दौरान अपनी जान गंवा चुके हैं। दिल्ली, महाराष्ट्र और तमिलनाडु में सबसे अधिक मरीज हैं। अंगदान में महिलाएं पुरुषों से आगे हैं, जबकि पुरुष मरीजों की संख्या अंग प्राप्त करने में अधिक है।

कुल मरीजों और वेटिंग लिस्ट का आंकड़ा

भारत में किडनी ट्रांसप्लांट के इंतजार में वर्तमान में 60,590 से अधिक मरीज हैं। इसके अलावा लिवर ट्रांसप्लांट के लिए 18,000, हर्ट ट्रांसप्लांट के लिए 1,695, लंग ट्रांसप्लांट के लिए 970 और पैंक्रियाज ट्रांसप्लांट के लिए 306 मरीज वेटिंग लिस्ट में शामिल हैं। इस प्रकार कुल 82,285 मरीज किसी न किसी अंग ट्रांसप्लांट के इंतजार में हैं। राजधानी दिल्ली में सबसे अधिक मरीज वेटिंग लिस्ट में हैं, खासकर किडनी और लिवर ट्रांसप्लांट के मामले में।

पिछले पांच सालों (2020-2024) में देश में 72,993 ऑर्गन ट्रांसप्लांट सफलतापूर्वक किए गए। इसमें किडनी ट्रांसप्लांट सबसे अधिक था, 53,198 मरीजों का सफल ऑपरेशन हुआ। दिल्ली में सबसे अधिक किडनी ट्रांसप्लांट (9,307) और लिवर ट्रांसप्लांट (6,368) किए गए। हर्ट ट्रांसप्लांट में तमिलनाडु ने सबसे अधिक योगदान दिया।

वेटिंग लिस्ट में मौत और डोनर की कमी

सरकार के आंकड़ों के अनुसार, पिछले पांच साल में ट्रांसप्लांट के इंतजार में करीब 3,000 मरीजों की मौत हो गई। दिल्ली में 1,425 मरीजों ने वेटिंग लिस्ट में रहते हुए दम तोड़ा। इसके बाद महाराष्ट्र (297) और तमिलनाडु (233) का स्थान है। अंगदान करने वालों की संख्या अभी भी काफी कम है। 2024 तक कुल रजिस्टर्ड डोनर्स 65,488 थे, जिनमें से 4,071 की मौत हो चुकी और 61,417 जीवित हैं।

अंगदान में महिलाओं का बढ़ता योगदान

भारत में अंगदान के मामले में महिलाएं पुरुषों से आगे हैं। 2024 के ड्राइविंग लाइसेंस डेटा के अनुसार, महिलाओं में अंगदान की इच्छा 17% से 27% के बीच रही, जबकि पुरुषों में यह 12% से 19% तक ही रही। हालांकि अंग प्राप्त करने वाले मरीजों में पुरुषों की संख्या महिलाओं से ज्यादा है।

राज्यवार आंकड़े और ट्रेंड

किडनी ट्रांसप्लांट के लिए सबसे अधिक मरीज महाराष्ट्र (13,045) में हैं। इसके बाद गुजरात (7,405), चंडीगढ़ (6,681), तमिलनाडु (6,448) और दिल्ली (5,894) का नंबर है। लिवर ट्रांसप्लांट में भी महाराष्ट्र में सबसे अधिक 6,924 मरीज हैं। हर्ट और लंग ट्रांसप्लांट में तमिलनाडु का नेतृत्व है।

Leave a comment