Assam में विधानसभा चुनाव से पहले Bharatiya Janata Party का दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है। हाल ही में कांग्रेस की राज्य इकाई के पूर्व अध्यक्ष Bhupen Bora रविवार को औपचारिक रूप से भाजपा में शामिल हुए।
Assam Election 2026: असम विधानसभा चुनाव 2026 से पहले राजनीतिक परिदृश्य में बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। कांग्रेस के तीन निलंबित विधायक – कमलाख्या डे पुरकायस्थ, बसंत दास और शशिकांत दास – ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) का दामन थाम लिया है। गुवाहाटी स्थित भाजपा मुख्यालय में प्रदेश अध्यक्ष दिलीप सैकिया की मौजूदगी में तीनों विधायकों का स्वागत किया गया। इस कदम को भाजपा के लिए असम में लोकप्रियता और शक्ति बढ़ाने वाला माना जा रहा है।
पुरकायस्थ ने कांग्रेस पर साधा निशाना
पूर्व कांग्रेस विधायक कमलाख्या डे पुरकायस्थ ने भाजपा में शामिल होने के बाद स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी छोड़ने का मुख्य कारण तुष्टीकरण था। उन्होंने कहा,
'हम तीन लोग भाजपा में शामिल हुए हैं और इसका एक ही उद्देश्य है कि असम और राष्ट्र की सुरक्षा को सुनिश्चित किया जाए। असम का नागरिक होने के नाते हमें भाजपा के साथ आना है और देश व राज्य को आगे ले जाने के लिए भाजपा की नीतियों के साथ काम करना है। यदि कांग्रेस अपनी विचारधारा नहीं बदलती है तो आने वाले समय में वह खाली हो जाएगी।'
उनका यह बयान स्पष्ट रूप से कांग्रेस की आंतरिक कमजोरियों और संगठनात्मक चुनौतियों की ओर इशारा करता है।

असम सीएम हिमंत बिस्वा सरमा का बयान
तीन विधायकों के भाजपा में शामिल होने पर मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने इसे पार्टी के लिए “बड़ा दिन” करार दिया। उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा,
आज तीन कांग्रेस विधायक हमारी पार्टी में शामिल हुए हैं। यह भाजपा की बढ़ती लोकप्रियता और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति लोगों के सम्मान को दर्शाता है। सरमा ने आगे सीट शेयरिंग पर भी चर्चा करते हुए बताया कि एनडीए सहयोगी दलों के साथ बातचीत पूरी हो चुकी है।
उन्होंने कहा, कल रात हमने असम गण परिषद, बोडोलैंड पीपुल्स फोरम और राभा हासोंग जौथा संग्राम समिति के साथ अपनी बातचीत पूरी कर ली है। अब हमें केंद्रीय संसदीय समिति से मंजूरी लेनी होगी, इसलिए आधिकारिक घोषणा में दो से चार दिन लग सकते हैं।
केंद्रीय मंत्री पवित्रा मार्गेरिटा ने कहा कि भाजपा में शामिल होने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है। उन्होंने कहा, अन्य अलग-अलग पार्टियों के लोग, खासकर कांग्रेस के सदस्य, भाजपा में शामिल हो रहे हैं और हमारे नेतृत्व को अपना समर्थन दिखा रहे हैं। यह केवल गुवाहाटी तक सीमित नहीं है, बल्कि राज्य के विभिन्न हिस्सों में भी अलग-अलग स्तर के पदाधिकारी और सदस्य भाजपा में आ रहे हैं।










