अयोध्या — मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दिशानिर्देश पर डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय की देखरेख में दीपोत्सव 2025 की तैयारियाँ जोरशोर से चल रही हैं। पूरे शहर को रोशनी और भव्यता के साथ सजाने की पूरी योजना बन चुकी है।
अयोध्या के 56 घाटों पर दीयों की जगमगाहट बिखेरने की तैयारी है। हर ब्लॉक में 4.5 स्क्वायर फीट का क्षेत्र दीयों के लिए चिन्हित किया जा रहा है, जबकि श्रद्धालुओं के जाने के लिए 2.5 फुट चौड़ी पथ बनाई जाएगी। इस आयोजन में करीब 30,000 स्वयंसेवकों की भागीदारी होगी।
दीपोत्सव के मुख्य दिन (19 अक्टूबर) को 26 लाख से अधिक दीये प्रज्ज्वलित किए जाने का लक्ष्य है, ताकि गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया जा सके।
आयोजन के क्रम में घाटों की सफाई, मार्किंग, दीयों की आपूर्ति और अन्य व्यवस्थाओं का काम तेजी से हो रहा है।
स्वास्थ्य विभाग ने 50 आरक्षित बेड व दस एंबुलेंस स्टेशनों की व्यवस्था की है। साथ ही मेले क्षेत्र में 15 अस्थायी चिकित्सा शिविर लगाए जाएंगे।
इस दीपोत्सव में एक और प्रमुख आकर्षण ड्रोन शो, लेजर शो और थीमेटिक प्रोजेक्शन मैपिंग शो होंगे, जिसमें रामायण की कथाएं आधुनिक तकनीक के साथ प्रस्तुत की जाएँगी।
इसके अतिरिक्त, वैक्स म्यूजियम भी खोलने की योजना है जिसमें रामायण के प्रमुख पात्रों की मोम प्रतिमाएँ दिखाई जाएँगी।
10 मिनट की ग्रीन आतिशबाजी का कार्यक्रम भी प्रस्तावित है, जिसमें संगीत व तकनीक के संयोजन से रात के आकाश को रोशन किया जाएगा।