अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में रामलला के दर्शन और आरती के लिए जारी किए जाने वाले दर्शन पास 10 जनवरी तक पूरी तरह बुक हो चुके हैं। श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या के कारण ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से उपलब्ध सभी स्लॉट समाप्त हो गए हैं।
मंदिर ट्रस्ट के अनुसार, नववर्ष और छुट्टियों के चलते प्रतिदिन एक से डेढ़ लाख श्रद्धालु अयोध्या पहुंच रहे हैं। इसी वजह से दर्शन और आरती पास की मांग में तेजी आई है। दर्शन पास ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर जारी किए जाते हैं।
ट्रस्ट ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे बिना पास के दर्शन के लिए पहुंचने से पहले व्यवस्थाओं की जानकारी अवश्य लें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। मंदिर परिसर में सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर विशेष इंतजाम किए गए हैं।









