आजमगढ़: खेत में सिंचाई के दौरान वाहन चालक की संदिग्ध मौत, पुलिस जांच में जुटी

आजमगढ़: खेत में सिंचाई के दौरान वाहन चालक की संदिग्ध मौत, पुलिस जांच में जुटी

आजमगढ़। अहरौला थाना क्षेत्र के बस्ती भुजवल गांव में बुधवार शाम एक वाहन चालक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक अपने खेत में सिंचाई कर रहा था, तभी अचानक वह बेहोश होकर गिर पड़ा। परिजन उसे अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान 35 वर्षीय राकेश निषाद के रूप में हुई है, जो भाड़े पर चारपहिया वाहन चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। बताया गया कि वह गेहूं के खेत में पानी देने गया था, लेकिन देर होने पर परिजन उसकी खोज में निकले तो उसे अचेत अवस्था में पाया।

ग्रामीणों की मदद से राकेश को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। राकेश अपने पीछे पत्नी प्रियंका, एक बेटा और एक बेटी को छोड़ गया है।

अहरौला पुलिस ने मामले को संदिग्ध मानते हुए शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा।

Leave a comment