भारतीय शेयर बाजार में सेंसेक्स 85,632.68 और निफ्टी 26,192 पर बंद हुआ। रिलायंस, HDFC बैंक और बजाज फाइनेंस जैसे शेयर बढ़त में रहे। निवेशकों का भरोसा मजबूत रहा, वैश्विक बाजार भी सकारात्मक रहे।
Market Closing: भारतीय शेयर बाजार ने गुरुवार, 20 नवंबर 2025 को मजबूत प्रदर्शन के साथ बंद हुए। कंपनियों के नतीजे अच्छे रहने के अनुमान और विदेशी निवेश में तेजी से बाजार का सेंटीमेंट पॉजिटिव रहा। इंडेक्स हैवीवेट जैसे रिलायंस इंडस्ट्रीज और एचडीएफसी बैंक के शेयरों में तेजी ने भी बाजार को ऊपर खींचा। बीएसई सेंसेक्स मजबूती के साथ 85,470 अंक पर खुला और कारोबार के दौरान 85,801 अंक के हाई और 85,201 के लो तक गया। अंत में सेंसेक्स 446.21 अंक या 0.52 फीसदी की बढ़त के साथ 85,632.68 पर बंद हुआ।
निफ्टी का प्रदर्शन और बंद स्तर
इसी तरह, नैशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 भी मजबूती के साथ खुला और कारोबार के दौरान 26,246 अंक के हाई और 26,063 अंक के लो तक गया। अंत में निफ्टी 139.50 अंक या 0.54 प्रतिशत की बढ़त के साथ 26,192 पर बंद हुआ। बाजार में यह बढ़त निवेशकों के भरोसे और मजबूत सेंटीमेंट का संकेत देती है। जियोजित इंवेस्टमेंट्स के रिसर्च हेड विनोद नायर ने कहा कि भारत–अमेरिका ट्रेड डील और फेज-1 समझौतों में प्रगति ने बाजार में पॉजिटिव माहौल बनाया। इसके साथ ही तकनीकी शेयरों के अच्छे नतीजों और एफआईआई की खरीद ने भी बाजार को सपोर्ट किया।
शॉर्ट टर्म आउटलुक
विनोद नायर ने बताया कि शॉर्ट टर्म का आउटलुक अभी भी पॉजिटिव है, लेकिन निवेशकों को अमेरिकी आर्थिक आंकड़ों के आने से पहले सतर्क रहना चाहिए। यह आंकड़े शॉर्ट टर्म में उतार-चढ़ाव पैदा कर सकते हैं। एलकेपी सिक्योरिटीज के वत्सल भुव ने कहा कि बैंक निफ्टी ने सेशन के दौरान छोटा कैंडलस्टिक बनाया, जबकि डेली चार्ट पर आरएसआई 74 तक पहुंच गया। इसका मतलब है कि शॉर्ट टर्म में कुछ सावधानी बरतने की जरूरत है। नई लंबी पोजीशन केवल 59,500 के ऊपर या 58,800 के आसपास गिरावट पर ही लेनी चाहिए। हालांकि, शॉर्ट-टर्म और ब्रोडर आउटलुक अभी भी बुलिश बना हुआ है।
टॉप गेनर्स और लूज़र्स
सेंसेक्स की कंपनियों में बजाज फाइनेंस, बजाज फिनसर्व, रिलायंस इंडस्ट्रीज, एचडीएफसी बैंक, टेक महिंद्रा और एक्सिस बैंक के शेयर प्रमुख रूप से बढ़त में रहे। वहीं, एशियन पेंट्स, टाइटन और एचसीएलटेक के शेयर सबसे अधिक गिरावट वाले रहे। एनएसई पर आयशर मोटर्स, बजाज फाइनेंस और बजाज फिनसर्व के शेयरों में सबसे ज्यादा तेजी आई, जबकि एशियन पेंट्स, टाइटन और एचसीएलटेक के शेयरों में गिरावट देखने को मिली।
सेक्टोरल प्रदर्शन
सेक्टोरल मोर्चे पर निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज इंडेक्स सबसे ज्यादा 0.70 प्रतिशत बढ़ा। इसके अलावा निफ्टी ऑटो इंडेक्स में भी मजबूती देखी गई। वहीं, निफ्टी मीडिया और पीएसयू बैंक इंडेक्स सबसे अधिक पिछड़ने वाले रहे। यह दर्शाता है कि वित्तीय सेवाओं और ऑटो सेक्टर में निवेशकों का भरोसा मजबूत बना हुआ है।
वैश्विक बाजार का प्रभाव
वैश्विक बाजारों में भी तेजी देखी गई। जापान का निक्केई 3.62 प्रतिशत, मैनलैंड चीन का सीएसआई 300 0.47 प्रतिशत, हांगकांग का हैंगसेंग 0.65 प्रतिशत और दक्षिण कोरिया का कोस्पी 2.5 प्रतिशत बढ़ा। अमेरिकी शेयर बाजार भी मजबूत होकर बंद हुआ। डॉव जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज में 0.10 प्रतिशत की बढ़त आई, जबकि एसएंडपी 500 0.38 प्रतिशत और नैस्डैक कंपोजिट 0.59 प्रतिशत बढ़कर बंद हुए।











