बिग बैश लीग (BBL) 2025-26 में पाकिस्तान के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज शाहीन शाह आफरीदी को ब्रिस्बेन हीट के लिए खेलते समय चोट लग गई थी। आफरीदी अब पूरे सीजन से बाहर हो गए हैं, जिसके बाद उनकी टीम ने जमान खान को रिप्लेसमेंट के रूप में साइन किया है।
स्पोर्ट्स न्यूज़: ऑस्ट्रेलिया की बिग बैश लीग (BBL 2025-26) में खेल रहे पाकिस्तानी तेज गेंदबाज शाहीन शाह आफरीदी की जगह उनकी टीम ने एक अन्य गेंदबाज को शामिल कर लिया है। आफरीदी ब्रिस्बेन हीट टीम के लिए खेल रहे थे, लेकिन एक मैच के दौरान घुटने में चोट लगने के कारण वे पूरे सीजन से बाहर हो गए।
इसके बाद ब्रिस्बेन हीट ने पाकिस्तान के ही गेंदबाज जमान खान को रिप्लेसमेंट के तौर पर हायर किया है। बिग बैश लीग मैनेजमेंट ने भी जमान खान को शाहीन शाह आफरीदी की जगह टीम में शामिल करने की मंजूरी दे दी है।
शाहीन शाह आफरीदी को लगी चोट
शाहीन शाह आफरीदी को 3 जनवरी को गाबा मैदान में एडिलेड स्ट्राइकर्स के खिलाफ मैच के दौरान चोट लगी। मैच के दौरान आफरीदी मिड-ऑन पर फील्डिंग कर रहे थे, जब उन्होंने एक शॉट रोकने के चक्कर में घुटने में पुरानी चोट उभरने के कारण दर्द महसूस किया। उन्हें तुरंत मैदान से बाहर जाना पड़ा और डॉक्टरों ने उन्हें आगे खेल के लिए अनफिट घोषित कर दिया। चोट के बाद आफरीदी पाकिस्तान लौट गए और पूरी तरह से स्वास्थ्य लाभ पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं।

जमान खान – शाहीन शाह आफरीदी का रिप्लेसमेंट
ब्रिस्बेन हीट ने अब पाकिस्तान के 24 वर्षीय तेज गेंदबाज जमान खान को शाहीन शाह आफरीदी की जगह टीम में शामिल किया है। जमान को बीबीएल टेक्निकल कमेटी की मंजूरी मिलने के बाद टीम में शामिल किया गया। जमान खान का क्रिकेट करियर इस प्रकार है:
- टी20 इंटरनेशनल: 10 मैच, 7 विकेट, 7.49 की इकोनॉमी रेट
- वनडे: 1 मैच, विकेट नहीं
- दाएं हाथ के तेज गेंदबाज, मीरपुर, पाकिस्तान के निवासी
- बेस्ट बॉलिंग: 4 रन देकर 1 विकेट
जमान खान इससे पहले भी BBL में खेल चुके हैं। उन्होंने BBL के 13वें सीजन में सिडनी थंडर के लिए 4 मैच खेलकर 16.38 के औसत से 8 विकेट चटकाए थे। इसके अलावा उन्होंने हाल ही में अबू धाबी टी10 लीग में भी हिस्सा लिया, जहां उन्होंने ओपनिंग मैच में विकेटों की हैट्रिक लगाई थी। जमान खान पाकिस्तान के घरेलू क्रिकेट में सक्रिय हैं और पीएसएल में लाहौर कलंदर्स की टीम में शाहीन शाह आफरीदी की कप्तानी में खेलते हैं।
इस अनुभव के चलते उन्हें BBL में रिप्लेसमेंट के तौर पर टीम में शामिल किया गया। जमान इंग्लैंड की द हंड्रेड लीग में भी मैनचेस्टर ऑरिजनल्स का हिस्सा रहे हैं।










