भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बिना पार्टी 150 सीटें भी नहीं जीत सकती। उन्होंने 2029 का चुनाव मोदी के नेतृत्व में लड़ने को पार्टी की मजबूरी बताया।
Election 2025: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और सांसद निशिकांत दुबे ने एक बड़ा बयान दिया है। उन्होंने साफ कहा है कि पार्टी की सफलता पूरी तरह नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर निर्भर है और 2029 का लोकसभा चुनाव भी उन्हीं के नेतृत्व में लड़ा जाना भाजपा की मजबूरी है।
प्रधानमंत्री मोदी हैं भाजपा की मजबूरी: निशिकांत दुबे
निशिकांत दुबे ने न्यूज एजेंसी ANI को दिए गए इंटरव्यू में कहा कि अगर नरेंद्र मोदी हमारे नेता नहीं होते, तो भाजपा 2024 के चुनाव में 150 सीटें भी नहीं जीत पाती। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के बिना पार्टी की चुनावी ताकत कमजोर हो जाती और मौजूदा सफलता संभव नहीं होती।
मोदी के नेतृत्व से बदला वोट बैंक का झुकाव
दुबे ने कहा कि नरेंद्र मोदी के आने के बाद भाजपा का वोट बैंक पूरी तरह बदल गया है। खासतौर से गरीब तबके का भरोसा पार्टी पर बढ़ा है, जो पहले कभी भाजपा का कोर वोट बैंक नहीं रहा। उन्होंने कहा, "कुछ लोगों को यह पसंद आए या न आए, लेकिन यह सच्चाई है कि मोदी के कारण ही गरीब, वंचित और ग्रामीण तबके का बड़ा हिस्सा भाजपा के साथ जुड़ा है।"
कार्यकर्ता के तौर पर मेरी राय: दुबे
निशिकांत दुबे ने कहा कि यह बयान उन्होंने पार्टी कार्यकर्ता के रूप में दिया है। उन्होंने कहा कि एक जमीनी कार्यकर्ता के तौर पर मैं यह मानता हूं कि नरेंद्र मोदी का नेतृत्व पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है। उनका नाम ही वोट दिलाने में सक्षम है और आज पार्टी की पहचान उन्हीं से जुड़ी है।
2047 के विजन के लिए भी मोदी जरूरी
भाजपा सांसद ने कहा कि भारत को 2047 तक एक विकसित राष्ट्र बनाने का जो लक्ष्य तय किया गया है, उसके लिए नरेंद्र मोदी का मार्गदर्शन और नेतृत्व आवश्यक है। उन्होंने कहा कि भाजपा को अगले दो दशक तक नरेंद्र मोदी की जरूरत है।
संघ प्रमुख मोहन भागवत के बयान पर प्रतिक्रिया
संघ प्रमुख मोहन भागवत ने हाल ही में 75 साल की उम्र के बाद राजनीति से सन्यास की बात कही थी। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए निशिकांत दुबे ने कहा कि नरेंद्र मोदी को ऐसा करने की कोई आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा, "भले ही कोई सहमत हो या न हो, लेकिन भाजपा को उनकी आवश्यकता है। अगले 15 से 20 साल तक नरेंद्र मोदी ही पार्टी का नेतृत्व करेंगे।"
दुबे ने कहा कि पीएम मोदी की लोकप्रियता और विश्वसनीयता आज भी सबसे बड़ा फैक्टर है। उन्होंने कहा कि विपक्ष चाहे जितनी भी एकजुटता की बात करे, लेकिन नरेंद्र मोदी का व्यक्तित्व और उनका नेतृत्व जनता में गहरी पैठ बनाए हुए है।