भारत में मौसम का डबल अटैक: 12 राज्यों में ठंड और घना कोहरा, तमिलनाडु में भारी बारिश का अलर्ट

भारत में मौसम का डबल अटैक: 12 राज्यों में ठंड और घना कोहरा, तमिलनाडु में भारी बारिश का अलर्ट

देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज इन दिनों बेहद सख्त बना हुआ है। एक ओर उत्तर, उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में कड़ाके की ठंड, घना कोहरा और शीतलहर ने आम जनजीवन को प्रभावित किया है, वहीं बंगाल की खाड़ी में बने गहरे दबाव के क्षेत्र के कारण तेज बारिश का खतरा बढ़ गया है। 

Weather Update: देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज काफी सख्त बना हुआ है। बंगाल की खाड़ी में दबाव का क्षेत्र बन रहा है, वहीं उत्तर और मध्य भारत में ठंड और कोहरे ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में न्यूनतम तापमान माइनस 5.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सर्दी में अब तक की सबसे ठंडी रात रही। 

उत्तर और पश्चिमी भारत के मैदान इलाकों में कोहरा और शीतलहर के कारण जनजीवन की गति धीमी पड़ गई है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अगले 5-7 दिनों तक घने कोहरे और तमिलनाडु में तेज बारिश की चेतावनी भी जारी की है।

उत्तर भारत में कड़ाके की सर्दी, 12 राज्यों में घने कोहरे का अलर्ट

उत्तर भारत में ठंड अपने चरम पर पहुंचती दिख रही है। जम्मू-कश्मीर की राजधानी श्रीनगर में न्यूनतम तापमान माइनस 5.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सर्दी की अब तक की सबसे ठंडी रात मानी जा रही है। मैदानी इलाकों में घने कोहरे और शीतलहर के चलते सड़क, रेल और हवाई यातायात पर भी असर पड़ा है।

IMD के अनुसार, उत्तर-पश्चिम भारत और बिहार में अगले 5 से 7 दिनों तक सुबह के समय घना से बहुत घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। इसके अलावा मध्य भारत, पूर्वोत्तर भारत, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कुछ हिस्सों में भी अगले 2 से 3 दिनों तक कोहरे की स्थिति बनी रह सकती है। विशेष रूप से पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में अगले 24 से 48 घंटों के दौरान बहुत घना कोहरा देखने को मिल सकता है, जिससे दृश्यता काफी कम रहेगी।

‘कोल्ड डे’ और ‘कोल्ड वेव’ की चेतावनी

मौसम विभाग ने कई राज्यों के लिए कोल्ड डे (ठिठुरन भरे दिन) और कोल्ड वेव (शीतलहर) की चेतावनी भी जारी की है।

  • कोल्ड डे की स्थिति: उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, चंडीगढ़, राजस्थान, पूर्वी मध्य प्रदेश और बिहार के कुछ हिस्सों में अगले 1 से 3 दिनों तक दिन के समय भी कड़ाके की ठंड पड़ सकती है।
  • शीतलहर का असर: हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, ओडिशा और उत्तरी आंतरिक कर्नाटक के कुछ इलाकों में अगले 2 से 3 दिनों तक शीतलहर की स्थिति बनी रहने की संभावना है। इन क्षेत्रों में रात का तापमान सामान्य से काफी नीचे जा सकता है।

बंगाल की खाड़ी में गहरा दबाव, तमिलनाडु में भारी बारिश

IMD ने उत्तराखंड और मेघालय के कुछ इलाकों में ग्राउंड फ्रॉस्ट (पाला) पड़ने की चेतावनी दी है। इससे फसलों को नुकसान पहुंच सकता है। किसानों को सतर्क रहने और फसलों की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाने की सलाह दी गई है। दक्षिण भारत में मौसम का मिजाज बिल्कुल अलग नजर आ रहा है। दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी तथा पूर्वी भूमध्यरेखीय हिंद महासागर के ऊपर बना गहरा दबाव का क्षेत्र धीरे-धीरे मजबूत हो रहा है और पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है।

इस सिस्टम के असर से तमिलनाडु के 12 जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। क्षेत्रीय मौसम केंद्र (RMC) ने कई जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। रामनाथपुरम, पुदुकोट्टई, तंजावुर, तिरुवरूर, नागपट्टिनम, कुड्डालोर, कराईकल, तिरुवल्लुर, चेन्नई, चेंगलपट्टू, कांचीपुरम और पुडुचेरी। इन इलाकों में कुछ स्थानों पर तेज से भारी बारिश हो सकती है।

Leave a comment