वाराणसी - बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के एक छात्र की नशा मुक्ति केंद्र में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। घटना सारनाथ थाना क्षेत्र स्थित जन सुधार नशा मुक्ति केंद्र की बताई जा रही है। मृतक की पहचान बीएचयू के छात्र आदित्य गोस्वामी के रूप में हुई है।
परिजनों के अनुसार आदित्य को नशे की लत छुड़ाने के लिए उक्त केंद्र में भर्ती कराया गया था। आरोप है कि इलाज के दौरान परिजनों को उससे मिलने नहीं दिया गया। शुक्रवार सुबह केंद्र प्रबंधन की ओर से फोन कर सूचना दी गई कि आदित्य की तबीयत अचानक बिगड़ गई है और उसे अस्पताल ले जाया जा रहा है। जब परिजन अस्पताल पहुंचे तो आदित्य मृत अवस्था में मिला।
परिवार का आरोप है कि आदित्य के शरीर पर कई जगह चोट के निशान थे, जिससे मौत को लेकर संदेह गहराता है। परिजनों ने नशा मुक्ति केंद्र के कर्मचारियों पर मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सारनाथ पुलिस ने परिजनों की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। नशा मुक्ति केंद्र के संचालक सहित कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। मामले की जांच जारी है।










