बिहारशरीफ में राहुल गांधी ने महागठबंधन समर्थित कांग्रेस प्रत्याशियों के समर्थन में रैली की। उन्होंने महागठबंधन सरकार में हर जाति-धर्म को समान अधिकार और सम्मान देने, नालंदा को शिक्षा का केंद्र बनाने और 'मेड इन बिहार' बढ़ावा देने का वादा किया।
Bihar Politics: बिहार में विधानसभा चुनाव की सरगर्मी तेज होने के बीच कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने बिहारशरीफ में महागठबंधन समर्थित कांग्रेस प्रत्याशियों के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने महागठबंधन सरकार बनने पर हर जाति और धर्म के लोगों के समान अधिकार सुनिश्चित करने का वादा किया। राहुल गांधी ने एनडीए सरकार पर संविधान के मूल सिद्धांतों को खत्म करने का आरोप लगाया और नालंदा को फिर से शिक्षा का केंद्र बनाने का संकल्प व्यक्त किया।
महागठबंधन सरकार में समान अधिकार
राहुल गांधी ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि अगर महागठबंधन की सरकार बिहार में बनी तो हर जाति और धर्म का पूरा सम्मान होगा। अतिपिछड़ा, पिछड़ा, दलित, महादलित, किसान और मजदूर सभी को बराबरी का हक मिलेगा। उन्होंने बताया कि महागठबंधन बिहार में एक ऐसी सरकार बनाएगा जो सभी वर्गों की सामाजिक और आर्थिक स्थिति को सुधारने के लिए काम करेगी।
एनडीए सरकार पर तीखा कटाक्ष
राहुल गांधी ने वर्तमान एनडीए सरकार पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह संविधान के मूल सिद्धांतों को खत्म करना चाहते हैं, लेकिन महागठबंधन इसे होने नहीं देगा। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार में वर्तमान सरकार केवल पूंजीपतियों की सरकार है और अडानी और अंबानी को लाभ पहुंचाने में लगी हुई है।

राहुल गांधी ने कहा कि बिहार के आम लोग जमीन और मकान के लिए तरस रहे हैं, जबकि बड़े उद्योगपतियों को सुविधा के साथ जमीन और अन्य लाभ मिल रहे हैं।
नालंदा को फिर से शिक्षा का केंद्र बनाएंगे
राहुल गांधी ने शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि महागठबंधन की सरकार बनने पर नालंदा विश्वविद्यालय को फिर से शिक्षा का प्रमुख केंद्र बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि बिहार का युवाओं के लिए बेहतर शिक्षा का अवसर उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि प्रदेश के छात्र उच्च शिक्षा के लिए बाहर पलायन न करें। उन्होंने नालंदा को दुनिया की सबसे बेहतरीन यूनिवर्सिटी बनाने का सपना साझा किया।
मेड इन बिहार और मेड इन इंडिया का सपना
राहुल गांधी ने अपने भाषण में बिहार के विकास और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने की योजना भी साझा की। उन्होंने कहा कि महागठबंधन सरकार के आने पर 'मेड इन बिहार' और 'मेड इन इंडिया' का सपना साकार होगा, जिससे बिहार के लोग अपने प्रदेश पर गर्व महसूस कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि आज भी लोग बेहतर इलाज और शिक्षा के लिए बाहर पलायन कर रहे हैं, और इसे रोकने के लिए राज्य में विकास और सुधार की आवश्यकता है।
राहुल गांधी ने बिहार में स्वास्थ्य और शिक्षा क्षेत्र में मौजूद खामियों की ओर ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार 20 सालों से सत्ता में हैं, लेकिन आज भी बिहार में बेहतर अस्पताल और शिक्षा व्यवस्था नहीं है। उन्होंने युवाओं से सवाल किया कि क्या यही बदला हुआ बिहार है, जहां लोग उच्च शिक्षा और बेहतर इलाज के लिए अन्य राज्यों का रुख करते हैं।













