बिपाशा बसु: परीक्षा से बचने के लिए की थी पहली बार एक्टिंग, जानिए मॉडलिंग से फिल्मों तक का सफर

बिपाशा बसु: परीक्षा से बचने के लिए की थी पहली बार एक्टिंग, जानिए मॉडलिंग से फिल्मों तक का सफर

बॉलीवुड में कदम रखने वाले ज्यादातर कलाकार बचपन से ही यह तय कर लेते हैं कि उन्हें आगे चलकर क्या करना है। इसी जुनून के चलते कई लोगों ने अपने स्थापित करियर को छोड़कर अभिनय की राह चुनी और कड़े संघर्ष के बाद इंडस्ट्री में पहचान बनाई।

एंटरटेनमेंट न्यूज़: फिल्म इंडस्ट्री में अधिकतर कलाकार ऐसे होते हैं, जिन्होंने बचपन से ही अभिनेता या अभिनेत्री बनने का सपना देखा होता है। लेकिन कुछ सितारों की जिंदगी में ऐसे अनोखे किस्से भी होते हैं, जो उन्हें बाकी सबसे अलग बनाते हैं। बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री बिपाशा बसु की कहानी भी कुछ ऐसी ही है। कम ही लोग जानते हैं कि बिपाशा ने पहली बार एक्टिंग किसी फिल्म या मंच के लिए नहीं, बल्कि परीक्षा से बचने के लिए की थी। यही नहीं, उनकी यह “अदाकारी” इतनी भारी पड़ गई कि उन्हें सीधे अस्पताल पहुंचना पड़ा और अपेंडिसाइटिस का ऑपरेशन तक हो गया।

आज यानी 7 जनवरी को बिपाशा बसु अपना 47वां जन्मदिन मना रही हैं। इस खास मौके पर उनके जीवन से जुड़ा यह दिलचस्प और हैरान कर देने वाला किस्सा एक बार फिर चर्चा में है, जिसे उन्होंने खुद मशहूर टीवी शो ‘आप की अदालत’ में साझा किया था।

स्कूल के दिनों में बेहद शरारती थीं बिपाशा

‘आप की अदालत’ में इंडिया टीवी के चीफ एंड एडिटर रजत शर्मा से बातचीत के दौरान बिपाशा बसु ने अपने स्कूल के दिनों को याद करते हुए बताया था कि वह पढ़ाई में काफी तेज थीं, लेकिन साथ ही बेहद शरारती भी। वह साइंस स्टूडेंट थीं और क्लास में अक्सर पहला स्थान हासिल करती थीं। बिपाशा ने यह भी कबूला कि स्कूल में लोग उन्हें मजाक में ‘लेडी गुंडा’ तक कह देते थे, क्योंकि वह लड़कों और यहां तक कि अपने सीनियर्स से भी भिड़ जाती थीं।

बिपाशा ने बताया कि एक बार उनके मैथ्स के प्री-बोर्ड एग्जाम की तैयारी ठीक से नहीं हो पाई थी। चूंकि उन्हें दूसरा आना बिल्कुल पसंद नहीं था, इसलिए उन्होंने परीक्षा से बचने का एक अनोखा तरीका निकाला। उन्होंने सोचा कि सिर्फ एक प्री-बोर्ड मिस करने से कोई नुकसान नहीं होगा। इसी योजना के तहत उन्होंने बेहोश होने का नाटक किया।

उनकी तबीयत बिगड़ती देख मां और घरवाले घबरा गए और उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया। बिपाशा को लगा था कि थोड़ी देर में सब ठीक हो जाएगा और वह परीक्षा से बच जाएंगी, लेकिन यहां कहानी ने बिल्कुल अलग मोड़ ले लिया।

एक्टिंग इतनी भारी पड़ी कि हो गया ऑपरेशन

बिपाशा ने शो में बताया कि अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने जांच की और कहा कि उन्हें अपेंडिसाइटिस है और तुरंत ऑपरेशन करना जरूरी है। यह सुनकर बिपाशा घबरा गईं और जोर-जोर से चिल्लाने लगीं कि उन्हें अभी ऑपरेशन नहीं कराना, क्योंकि उनके पिता शहर में मौजूद नहीं थे।  हालांकि डॉक्टरों ने उनकी एक न सुनी और हालात को गंभीर बताते हुए तुरंत ऑपरेशन कर दिया गया। इस तरह, परीक्षा से बचने के लिए की गई पहली एक्टिंग उनकी जिंदगी का यादगार और दर्दनाक अनुभव बन गई।

मॉडलिंग से फिल्मों तक का सफर

बिपाशा बसु ने अपने करियर की शुरुआत फिल्मों से नहीं, बल्कि मॉडलिंग से की थी। साल 1996 में उन्होंने एक प्रतिष्ठित सुपरमॉडल कॉन्टेस्ट जीतकर मॉडलिंग की दुनिया में कदम रखा। इसके बाद विज्ञापनों और फैशन शोज के जरिए उन्होंने अपनी पहचान बनाई। साल 2001 में बिपाशा ने फिल्म ‘अजनबी’ से बॉलीवुड में डेब्यू किया। इस फिल्म में उनके अभिनय को काफी सराहा गया और उन्हें फिल्मफेयर अवॉर्ड भी मिला। इसके बाद ‘राज’ (2002) ने उनके करियर को नई उड़ान दी और वह इंडस्ट्री की टॉप अभिनेत्रियों में शुमार हो गईं।

अपने करियर में बिपाशा बसु ने कई हिट और यादगार फिल्मों में काम किया, जिनमें ‘जिस्म’, ‘नो एंट्री’, ‘ऐतराज’, ‘फिर हेरा फेरी’, ‘रेस’, ‘रेस 2’ और ‘राज 3’ जैसी फिल्में शामिल हैं। अपनी बोल्ड इमेज, दमदार अभिनय और फिटनेस के लिए वह आज भी जानी जाती हैं।

Leave a comment