Columbus

बंगाल में भाजपा सांसद पर हमला: पीएम मोदी ने की निंदा, ममता बनर्जी ने किया पलटवार

बंगाल में भाजपा सांसद पर हमला: पीएम मोदी ने की निंदा, ममता बनर्जी ने किया पलटवार

पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले में भारी बारिश और बाढ़ के बाद राहत कार्यों का जायजा लेने पहुंचे भाजपा सांसद खगेन मुर्मू और विधायक शंकर घोष पर हमला हुआ। इस हमले में सांसद खगेन मुर्मू गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद राजनीतिक तनाव चरम पर पहुंच गया है। 

नई दिल्ली: पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद खगेन मुर्मू और विधायक शंकर घोष पर हुए हमले के बाद राजनीतिक घमासान छिड़ गया है। जानकारी के अनुसार, मालदा उत्तर से सांसद मुर्मू इस हमले में गंभीर रूप से घायल हुए हैं। यह हमला उस समय हुआ जब दोनों जनप्रतिनिधि बाढ़ और भूस्खलन से प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लेने पहुंचे थे।

इस घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। वहीं, पीएम मोदी की प्रतिक्रिया के बाद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी पलटवार किया, जिससे राजनीतिक तनातनी और बढ़ गई है।

पीएम मोदी का बयान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट करके घटना की निंदा की। उन्होंने लिखा:

'पश्चिम बंगाल में बाढ़ और भूस्खलन से प्रभावित लोगों की सेवा करने वाले हमारे पार्टी सहयोगियों, जिनमें एक वर्तमान सांसद और विधायक भी शामिल हैं, पर जिस तरह से हमला किया गया, वह बेहद निंदनीय है। यह तृणमूल कांग्रेस की असंवेदनशीलता और राज्य की कानून-व्यवस्था की दयनीय स्थिति को दर्शाता है।'

पीएम ने आगे कहा कि यदि राज्य सरकार और टीएमसी अपने प्रयासों को बढ़ाकर लोगों की मदद करती, तो ऐसी हिंसा नहीं होती। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से जनता के बीच काम जारी रखने और राहत कार्यों में सहयोग करने का आह्वान किया।

ममता बनर्जी का पलटवार

सीएम ममता बनर्जी ने पीएम के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए इसे दुर्भाग्यपूर्ण और राजनीतिक रूप से प्रेरित बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने बिना उचित जांच के राजनीतिक आरोप लगाए। ममता ने कहा, उत्तर बंगाल के लोग बाढ़ और भूस्खलन से जूझ रहे हैं। पूरा स्थानीय प्रशासन और पुलिस राहत कार्यों में व्यस्त हैं। भाजपा नेताओं ने केंद्रीय बलों के काफिले के साथ बिना सूचना दिए प्रभावित इलाकों में जाने का निर्णय लिया। ऐसे में राज्य प्रशासन और टीएमसी को दोषी ठहराना उचित नहीं।

सीएम ने यह भी कहा कि किसी भी लोकतांत्रिक देश में कानून और प्रशासनिक प्रक्रिया का पालन जरूरी है। केवल राजनीतिक मंच से ट्वीट कर दोष सिद्ध नहीं किया जा सकता।

भाजपा आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय की प्रतिक्रिया

इस घटना पर भाजपा आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने दावा किया कि हमले के पीछे टीएमसी के लोग थे और राज्य में कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए। उत्तरी मालदा के आदिवासी नेता और दो बार सांसद रहे खगेन मुर्मू पर हमला किया गया, जब वे जलपाईगुड़ी के दुआर्स क्षेत्र में बाढ़ और बारिश के बाद राहत कार्य करने जा रहे थे।"

अमित मालवीय ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए कहा कि जब भाजपा नेता और कार्यकर्ता लोगों की मदद कर रहे थे, मुख्यमंत्री खुद कोलकाता कार्निवल में डांस कर रही थीं। उन्होंने कहा कि बंगाल में टीएमसी की सत्तारूढ़ पार्टी के कार्यकलापों से जनता की मदद करने वाले नेताओं को निशाना बनाया जा रहा है।

घटना का पूरा विवरण

घटना उस समय हुई जब भारी बारिश और बाढ़ के बाद भाजपा नेताओं का प्रतिनिधिमंडल जलपाईगुड़ी के नागराकाटा क्षेत्र में राहत कार्यों का जायजा लेने गया। इसी बीच कुछ लोगों ने प्रतिनिधिमंडल पर हमला कर दिया। हमले में वाहनों में तोड़फोड़ की गई। घटना की तस्वीरों में सांसद खगेन मुर्मू खून से लथपथ दिखाई दिए, जबकि उनकी गाड़ी के शीशे टूटे हुए थे। सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें गाड़ी में बैठाकर सुरक्षित स्थान पर ले जाया।

Leave a comment