बिहार में स्वास्थ्य, विज्ञान, पशु और अन्य विभागों में हजारों पदों पर भर्ती की तैयारी है। एएनएम, खाद्य सुरक्षा अधिकारी, प्रयोगशाला सहायक और पशुचिकित्सा अधिकारी सहित कई तकनीकी पदों के लिए 2026 में चरणबद्ध तरीके से आवेदन प्रक्रिया शुरू होने की संभावना है।
BTSC Vacancy 2026: बिहार में स्वास्थ्य विभाग समेत विज्ञान, पशु एवं मत्स्य और अन्य विभागों में हजारों रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया 2026 में चरणबद्ध तरीके से शुरू होने जा रही है। राज्य के विभिन्न विभागों में एएनएम के 8,938 पद, खाद्य सुरक्षा अधिकारी के 105 पद और अन्य तकनीकी पद खाली हैं। इन भर्तियों के लिए आवेदन अप्रैल से जुलाई 2026 के बीच अलग-अलग चरणों में मांगे जाएंगे। यह भर्ती अभियान मेडिकल, पैरामेडिकल और तकनीकी पृष्ठभूमि वाले अभ्यर्थियों के लिए रोजगार का बड़ा अवसर माना जा रहा है।
स्वास्थ्य विभाग में सबसे ज्यादा पद खाली
स्वास्थ्य विभाग में एएनएम के 8,938 पद खाली हैं। इन पदों के लिए संभावित विज्ञापन जुलाई 2026 में जारी किया जा सकता है। इसके अलावा सहायक जीवाणुविद, वैज्ञानिक सहायक, खाद्य विश्लेषक और खाद्य सुरक्षा अधिकारी जैसे तकनीकी पदों पर भी नियुक्ति की तैयारी है।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी के 105 पदों के लिए आवेदन प्रक्रिया अप्रैल 2026 में शुरू होने की संभावना है। यह भर्ती उन अभ्यर्थियों के लिए अहम मानी जा रही है जो मेडिकल और पैरामेडिकल पृष्ठभूमि से आते हैं।

विज्ञान, पशु और मत्स्य विभाग में भी अवसर
विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग में प्रयोगशाला सहायक और इलेक्ट्रिशियन के लगभग 1,100 पद खाली हैं। इन पदों के लिए फरवरी के अंत तक आवेदन मांगे जा सकते हैं। तकनीकी योग्यता रखने वाले उम्मीदवारों के लिए यह अच्छा मौका माना जा रहा है।
पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग में अमीन के 765 और भ्रमणशील पशुचिकित्सा अधिकारी के 797 पद खाली हैं। इन पदों के लिए अप्रैल और मई 2026 में आवेदन प्रक्रिया शुरू होने की संभावना है। वहीं मत्स्य प्रसार अधिकारी के 231 पदों के लिए भी अप्रैल में विज्ञापन जारी हो सकता है।
अन्य विभागों में भी भर्ती की तैयारी
खेल, परिवहन, पर्यावरण और वाणिज्य कर विभागों में भी कई पद खाली हैं। विभिन्न विभागों में वाहन चालक के 27 पदों के लिए 27 अप्रैल 2026 से आवेदन प्रक्रिया शुरू होने की संभावना जताई गई है।
इन सभी भर्तियों को लेकर आयोग चरणबद्ध तरीके से नोटिफिकेशन जारी करेगा। उम्मीदवारों को सलाह दी जा रही है कि वे आधिकारिक वेबसाइट और विज्ञापनों पर नजर बनाए रखें, ताकि आवेदन की समयसीमा न छूटे।











