425 करोड़ की कोडीन कफ-सीरप तस्करी का खुलासा, SIT ने खोला अवैध कारोबार का पूरा नेटवर्क

425 करोड़ की कोडीन कफ-सीरप तस्करी का खुलासा, SIT ने खोला अवैध कारोबार का पूरा नेटवर्क

उत्तर प्रदेश में अवैध कफ-सीरप कारोबार का एक बड़ा नेटवर्क उजागर हुआ है। SIT की जांच में पता चला है कि प्रतिबंधित कोडीन आधारित सिरप की तस्करी के नाम पर लगभग 425 करोड़ रुपये का अवैध व्यापार वर्षों से संचालित किया जा रहा था

जांच एजेंसी ने इस नेटवर्क से जुड़े करीब 30 बैंक खातों को फ्रीज कर दिया है, जिनमें बड़ी मात्रा में संदिग्ध लेन-देन पाए गए। शुरुआती कार्रवाई में लगभग 60 लाख रुपये की रकम जब्त की गई है।

यह नेटवर्क फर्जी कंपनियों, नकली बिलिंग और कागज़ी दस्तावेजों के सहारे सक्रिय था। कुछ समय पहले दो कंटेनरों से एक लाख से अधिक अवैध कफ-सीरप की शीशियाँ बरामद हुई थीं। इसके बाद अलग-अलग जगहों पर छापेमारी कर कई ट्रकों, गोदामों और बैच नंबरों के माध्यम से सप्लाई चेन का खुलासा किया गया।

जांच में सामने आया कि यह पूरा कारोबार एक ही फर्म के नाम से संचालित हो रहा था, जिसके मालिक को गिरफ्तार कर लिया गया है। पूछताछ में पता चला कि वास्तविक संचालन उसके बेटे के माध्यम से किया जाता था, जबकि दस्तावेजों में पूरा वित्तीय दायित्व मालिक के नाम पर था।

अधिकारियों के अनुसार, यह नेटवर्क प्रदेश के कई जिलों के अलावा अन्य राज्यों तक भी फैला हुआ था। SIT ने ड्रग्स कंट्रोल विभाग के साथ मिलकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है, ताकि तस्करी में शामिल अन्य लोगों और कंपनियों की पहचान की जा सके।

Leave a comment