Dabur India के शेयर Q3 अपडेट के बाद शुरुआती कारोबार में 4% तक गिर गए। ग्रामीण बाजार में मजबूत मांग और होम व पर्सनल केयर बिजनेस में बढ़त देखी गई। Centrum का टारगेट प्राइस ₹625 है।
Dabur India Shares Q3: दिग्गज FMCG कंपनी Dabur India Ltd के शेयर मंगलवार 6 जनवरी को शुरुआती कारोबार में 4 प्रतिशत तक टूट गए। यह गिरावट कंपनी के तीसरी तिमाही (Q3) अपडेट जारी होने के बाद आई। डाबर इंडिया ने अपने तिमाही अपडेट में बताया कि फेवरेबल मैक्रोइकॉनॉमिक हालात और हाल ही में हुए टैक्स सुधारों के चलते आने वाले तिमाहियों में मांग में सुधार और रेवेन्यू की रफ्तार में बढ़ोतरी की उम्मीद है। इसके बावजूद शुरुआती कारोबार में शेयर लाल निशान में रहे।
ग्रामीण बाजार में दिख रही मजबूती
ब्रोकरेज फर्मों ने डाबर इंडिया पर अपनी रेटिंग बरकरार रखी है। उनका कहना है कि ग्रामीण क्षेत्रों में शहरी क्षेत्रों की तुलना में ज्यादा ग्रोथ और मांग में तेजी के शुरुआती संकेत मिल रहे हैं। कंपनी की ग्रामीण बाजार में मजबूत मौजूदगी और वितरण नेटवर्क ने इस सेगमेंट में स्थिर वृद्धि बनाए रखने में मदद की है।
Centrum Research का टारगेट प्राइस ₹625
सेंट्रम ब्रोकिंग ने डाबर इंडिया पर अपनी BUY रेटिंग बरकरार रखी है। ब्रोकरेज ने स्टॉक पर ₹625 का टारगेट प्राइस दिया है। मौजूदा भाव से यह शेयर लगभग 20 प्रतिशत तक रिटर्न दे सकता है। सोमवार को डाबर इंडिया के शेयर ₹521 पर बंद हुए थे। ब्रोकरेज के अनुसार, तिमाही अपडेट मिला-जुला रहा। प्रमुख सकारात्मक पहलू में ग्रामीण मांग का बेहतर प्रदर्शन और होम व पर्सनल केयर सेगमेंट में दो अंकों की वृद्धि शामिल है। हेयर ऑयल और ओरल केयर कैटेगरी में बाजार हिस्सेदारी में बढ़त रही। अंतरराष्ट्रीय कारोबार में भी सुधार देखने को मिला और ऑपरेटिंग प्रॉफिट टॉपलाइन ग्रोथ से तेज रहा, जिससे एबिटा मार्जिन में सुधार हुआ।
Q3 अपडेट के नकारात्मक पहलू
ब्रोकरेज के अनुसार तिमाही अपडेट में कुछ कमजोरियां भी नजर आईं। च्यवनप्राश पोर्टफोलियो में सेकेंडरी सेल्स अपेक्षा के अनुरूप नहीं रही। इसके अलावा बेवरिज पोर्टफोलियो में कमजोरी बनी रही। इन कारकों के बावजूद ब्रोकरेज ने स्टॉक पर भरोसा बनाए रखा है।
Nomura का टारगेट प्राइस ₹580
Nomura ने भी डाबर इंडिया पर अपनी खरीदारी की सलाह को बरकरार रखा है। ब्रोकरेज ने स्टॉक पर ₹580 का टारगेट प्राइस दिया है। यह मौजूदा भाव से लगभग 11 प्रतिशत अधिक है। नोमुरा के अनुसार, राजस्व में उम्मीद के अनुसार वृद्धि हुई है, लेकिन कुछ कमजोरियां भी दिखाई देती हैं। सालाना और तिमाही आधार पर कम बेस, सामान्य विंटर लोडिंग और सर्दी के चलते बिक्री वृद्धि पर असर पड़ा है।
डाबर इंडिया की तिमाही बिक्री वृद्धि
ब्रोकरेज का अनुमान है कि Q3 में भारत में डाबर की बिक्री सालाना आधार पर 5.3 प्रतिशत बढ़ी है, जो मुख्य रूप से लो-सिंगल डिजिट वॉल्यूम ग्रोथ के कारण आई। कंसॉलिडेटेड स्तर पर दिसंबर तिमाही में कुल बिक्री 6 प्रतिशत सालाना बढ़ी।
डाबर के व्यवसाय में सुधार के संकेत
कंपनी ने बताया कि तिमाही के दौरान मांग में सुधार के शुरुआती संकेत मिले हैं। जीएसटी दरों में संशोधन और डिस्ट्रीब्यूटर्स तथा रिटेलर्स द्वारा चैनल में पुराने स्टॉक को खत्म करने पर ध्यान देने से शहरी और ग्रामीण दोनों इलाकों में उपभोक्ता धारणा में सुधार आया। इस तिमाही में ग्रामीण मांग शहरी मांग से बेहतर रही।
होम और पर्सनल केयर बिजनेस में बढ़त
भारत के कारोबार के तहत, डाबर को उम्मीद है कि होम और पर्सनल केयर बिजनेस में दो अंकों की वृद्धि होगी। इसमें हेयर ऑयल और ओरल केयर कैटेगरी में मजबूत ग्रोथ का योगदान रहेगा। कंपनी ने कहा कि पोर्टफोलियो का बड़ा हिस्सा कैटेगरी ग्रोथ से तेज बढ़ा है और तिमाही के दौरान बाजार हिस्सेदारी में सुधार दर्ज किया गया।











