बॉलीवुड की सुपरस्टार दीपिका पादुकोण ने एक बार फिर देश का नाम रोशन किया है। हॉलीवुड की प्रतिष्ठित वॉक ऑफ फेम लिस्ट में उनका नाम शामिल किया गया है, जिससे वह यह सम्मान पाने वाली पहली भारतीय बन गई हैं।
Hollywood Walk Of Fame 2026: बॉलीवुड की क्वीन दीपिका पादुकोण ने एक बार फिर भारत का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया है। वे हॉलीवुड की प्रतिष्ठित वॉक ऑफ फेम 2026 लिस्ट में जगह बनाने वाली पहली भारतीय अभिनेत्री बन गई हैं। यह उपलब्धि दीपिका के लिए इसलिए भी खास बन जाती है क्योंकि उन्होंने हाल ही में मां बनने के बाद यह गौरव हासिल किया है, जो उनके करियर और व्यक्तिगत जीवन दोनों के लिए ऐतिहासिक पल है।
दीपिका का नाम उन 35 इंटरनेशनल दिग्गजों में शामिल हुआ है, जिन्हें मोशन पिक्चर कैटेगरी में चुना गया है। इस सूची में हॉलीवुड के बड़े नाम — टिमोथी चालमेट, डेमी मूर, राशेल मैकऐड्म्स और रामी मालेक — भी शामिल हैं। इस मुकाम तक पहुंचकर दीपिका ने आलिया भट्ट, कियारा आडवाणी, रश्मिका मंदाना जैसी नई पीढ़ी की अभिनेत्रियों को पीछे छोड़ दिया है। यहां तक कि ग्लोबली स्थापित प्रियंका चोपड़ा को भी पछाड़ते हुए उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई है।
हॉलीवुड में बढ़ती पकड़
दीपिका ने बॉलीवुड से बाहर निकलकर अंतरराष्ट्रीय सिनेमा में भी अपनी दमदार मौजूदगी दर्ज करवाई है। 2017 में हॉलीवुड फिल्म “XXX: रिटर्न ऑफ जेंडर केज” में उन्होंने विन डीजल के साथ स्क्रीन शेयर कर वैश्विक दर्शकों का ध्यान खींचा। उनके आत्मविश्वास और बेहतरीन परफॉर्मेंस की वजह से हॉलीवुड में भी उनकी लोकप्रियता तेजी से बढ़ी।
पहले भी चमका चुकी हैं ग्लोबल स्टारडम
दीपिका के लिए यह पहला अंतरराष्ट्रीय सम्मान नहीं है। 2018 में उन्हें TIME मैगजीन ने दुनिया की 100 सबसे प्रभावशाली हस्तियों में शामिल किया था। इसके अलावा TIME100 Impact Award और फीफा वर्ल्ड कप 2022 के फाइनल में ट्रॉफी अनवील करने जैसी जिम्मेदारियां भी निभाकर उन्होंने साबित किया कि वे केवल भारत की नहीं, बल्कि पूरी दुनिया की एक प्रभावशाली और सशक्त महिला हैं।
इंटरनेशनल लग्जरी ब्रांड्स भी दीपिका के करिश्मे से अछूते नहीं रहे। लुई विटॉन और कार्टियर जैसे हाई-एंड ब्रांड्स ने दीपिका को अपना ग्लोबल एंबेसडर बनाया है, जो भारतीय फिल्म इंडस्ट्री के लिए गर्व का विषय है। उनकी ग्लैमरस छवि और प्रभावशाली व्यक्तित्व ने इन्हें अंतरराष्ट्रीय फैशन आइकन के रूप में स्थापित किया है।
आने वाले प्रोजेक्ट्स
दीपिका के पास आने वाले समय में कई बड़े बॉलीवुड प्रोजेक्ट्स हैं। वे मशहूर निर्देशक एटली की फिल्म में नजर आएंगी, साथ ही अपनी प्रोडक्शन कंपनी के तहत भी नए प्रोजेक्ट्स पर काम कर रही हैं। दीपिका का यह विस्तार बताता है कि वे न केवल एक सफल अभिनेत्री हैं, बल्कि एक दूरदर्शी निर्माता भी बनना चाहती हैं।
हॉलीवुड वॉक ऑफ फेम का नाम सुनते ही दुनिया भर में कलाकारों की आंखों में चमक आ जाती है। यह एक विशेष पहचान है, जहां हॉलीवुड बुलेवार्ड पर स्टार्स को उनकी उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया जाता है। दीपिका के नाम का वहां चमकना भारतीय सिनेमा के लिए गौरव की बात है, क्योंकि यह दर्शाता है कि हमारी फिल्म इंडस्ट्री की प्रतिभा और प्रभाव कितना व्यापक हो चुका है।
दीपिका पादुकोण के इस कीर्तिमान की खबर सामने आते ही सोशल मीडिया पर उनके फैंस ने खुशी का इजहार किया। #ProudOfDeepika ट्रेंड करने लगा और लोग उनकी तारीफों में पोस्ट लिखने लगे। कई यूजर्स ने कहा कि दीपिका ने सचमुच एक नई पीढ़ी की प्रेरणा बनकर दिखा दिया कि भारतीय महिलाएं किसी भी ग्लोबल मंच पर अपनी छाप छोड़ सकती हैं।