Emergency Location Service स्मार्टफोन का एक अहम सेफ्टी फीचर है, जो 112 पर कॉल करते ही यूजर की सटीक लोकेशन पुलिस और इमरजेंसी एजेंसियों तक पहुंचा देता है। यह फीचर घबराहट या चोट की स्थिति में मदद को तेज करता है और समय रहते सही जगह पर सहायता पहुंचाने में अहम भूमिका निभाता है।
Emergency Location Service Feature: आपात स्थिति में सही समय पर मदद पहुंचाने के लिए एंड्रॉयड स्मार्टफोन्स में इमरजेंसी लोकेशन सर्विस दी गई है। यह सुविधा 112 इमरजेंसी नंबर पर कॉल करते ही यूजर की लोकेशन GPS, Wi-Fi और मोबाइल नेटवर्क के जरिए पुलिस और एंबुलेंस तक भेज देती है। फिलहाल यह सेवा उत्तर प्रदेश में यूपी पुलिस के साथ सक्रिय है और सड़क हादसे, महिलाओं की सुरक्षा और मेडिकल इमरजेंसी जैसी स्थितियों में लोगों की जान बचाने के लिए इसे देशभर में लागू करने की तैयारी चल रही है।
क्या है Emergency Location Service और कैसे करता है काम
Emergency Location Service एंड्रॉयड स्मार्टफोन्स का एक खास सेफ्टी फीचर है। जैसे ही यूजर 112 पर कॉल करता है, यह सिस्टम अपने आप एक्टिव हो जाता है और GPS, Wi-Fi व मोबाइल नेटवर्क की मदद से लोकेशन ट्रैक करता है।
यह जानकारी सीधे इमरजेंसी सर्विसेज को भेज दी जाती है, जिससे पुलिस या एंबुलेंस बिना समय गंवाए सही जगह तक पहुंच सकती है। टेस्टिंग में यह भी सामने आया है कि कॉल अचानक कटने पर भी लोकेशन शेयर हो जाती है।

फोन में कैसे करें फीचर एक्टिव
इस फीचर को चालू करना काफी आसान है। एंड्रॉयड फोन की Settings में जाकर Safety and Emergency सेक्शन खोलें। यहां Emergency Location Service का विकल्प मिलेगा, जिसे ऑन करना होता है।
ध्यान रहे कि इसके लिए फोन की Location Service भी चालू होनी चाहिए। पहली बार इस्तेमाल के दौरान फोन लोकेशन एक्सेस की अनुमति मांग सकता है, जिसे देना जरूरी है।
फिलहाल कहां उपलब्ध है यह सुविधा
अभी यह सर्विस उत्तर प्रदेश में सक्रिय है, जहां यूपी पुलिस ने Pert Telecom Solutions के साथ मिलकर इसे 112 इमरजेंसी सिस्टम से जोड़ा है। इसे पूरे देश में लागू करने की दिशा में काम जारी है।
विशेषज्ञों के मुताबिक, यह फीचर खासतौर पर सड़क हादसे, महिलाओं की सुरक्षा और अचानक मेडिकल इमरजेंसी में बेहद कारगर साबित हो सकता है।











