घरेलू विवाद में खौफनाक वारदात: शराब के नशे में पति ने पत्नी पर कुल्हाड़ी से किया हमला, मौत

घरेलू विवाद में खौफनाक वारदात: शराब के नशे में पति ने पत्नी पर कुल्हाड़ी से किया हमला, मौत

बलौदाबाजार जिले के टेमरी गांव में नशे की हालत में एक पति ने घरेलू विवाद के बाद अपनी पत्नी की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को उसी रात गिरफ्तार कर लिया। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है।

Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में रविवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां शराब के नशे में पति ने अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। घरेलू विवाद के दौरान हुए इस खौफनाक वारदात से पूरे गांव में दहशत और शोक का माहौल है। यह मामला कसडोल थाना क्षेत्र के ग्राम टेमरी का है।

पुलिस के अनुसार, पति-पत्नी के बीच पहले से पारिवारिक विवाद चल रहा था। रविवार रात विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने गुस्से में आकर जानलेवा कदम उठा लिया। सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पारिवारिक विवाद ने लिया हिंसक रूप

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी पति रविवार की रात शराब के नशे में था। इसी दौरान किसी घरेलू बात को लेकर पति और पत्नी के बीच कहासुनी शुरू हो गई। शुरुआत में मामूली विवाद था, लेकिन नशे और गुस्से के कारण मामला बिगड़ता चला गया।

विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने पास में रखी कुल्हाड़ी (टांगिया) उठा ली और अपनी पत्नी पर हमला कर दिया। महिला ने खुद को बचाने की कोशिश की, लेकिन वार इतना घातक था कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

मौके पर पहुंची पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही कसडोल थाना पुलिस तुरंत गांव टेमरी पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू की। शव को कब्जे में लेकर फोरेंसिक जांच और पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया।

टीआई अजय झा ने बताया कि यह हत्या पारिवारिक विवाद के दौरान हुई है। आरोपी पति को उसी रात गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी भी जब्त कर ली है।

पुलिस की जांच जारी

इस घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। पड़ोसियों और ग्रामीणों के अनुसार, पति-पत्नी के बीच पहले भी कई बार विवाद होता था, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि मामला इतना गंभीर मोड़ ले लेगा।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि विवाद की असली वजह क्या थी। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि घटना के समय घर में कोई और मौजूद था या नहीं। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a comment