गोरखपुर में 50 लाख रुपये नकद बरामदगी के मामले में हवाला नेटवर्क से जुड़े कई अहम तथ्य सामने आए हैं। पुलिस की पूछताछ में आरोपी दुकानदार राजीव जायसवाल के मोबाइल फोन से मिले डाटा ने जांच की दिशा और तेज कर दी है। मामले की जांच पुलिस के साथ-साथ आयकर विभाग भी कर रहा है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी को कैंट थाना क्षेत्र में स्टेशन रोड के पास संदिग्ध हालत में रोका गया था। तलाशी के दौरान उसके पास से 50 लाख रुपये नकद बरामद किए गए। पूछताछ में उसने बताया कि वह यह रकम फरेंदा रेलवे स्टेशन के पास एक व्यक्ति को सौंपने जा रहा था और इसके बदले उसे हर बार कमीशन दिया जाता था।
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी इससे पहले भी कई बार इसी तरह नकदी पहुंचा चुका है। पुलिस को आशंका है कि यह रकम किसी संगठित हवाला नेटवर्क के जरिए इधर-उधर की जा रही थी। मोबाइल फोन से मिले कॉल रिकॉर्ड और चैट के आधार पर अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नकदी के स्रोत और अंतिम लाभार्थी का पता लगाने के लिए जांच जारी है। मामले में और भी लोगों की संलिप्तता सामने आ सकती है, जिस पर जल्द कार्रवाई की जाएगी।











