I-PAC रेड पर सियासी घमासान: अखिलेश यादव ने BJP पर कसा तंज, कहा- ‘भाजपा बंगाल हार रही है’

I-PAC रेड पर सियासी घमासान: अखिलेश यादव ने BJP पर कसा तंज, कहा- ‘भाजपा बंगाल हार रही है’

पश्चिम बंगाल में इंडियन पॉलिटिकल एक्शन कमिटी (I-PAC) के कार्यालय और इसके प्रमुख प्रतीक जैन के घर पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) की छापेमारी ने राजनीतिक हलचल बढ़ा दी है।

ED raid on I-PAC: प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने गुरुवार सुबह पश्चिम बंगाल में राजनीतिक सलाहकार फर्म इंडियन पॉलिटिकल एक्शन कमिटी (I-PAC) के साल्ट लेक स्थित कार्यालय और इसके प्रमुख प्रतीक जैन के लाउडन स्ट्रीट वाले घर पर छापेमारी की। यह कार्रवाई कोयला तस्करी घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले की जांच के तहत की गई है। 

छापेमारी की खबर मिलते ही मुख्यमंत्री ममता बनर्जी सीधे प्रतीक जैन के घर पहुंचीं और केंद्रीय एजेंसी पर तीखा हमला बोला। वहीं, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर पोस्ट कर भाजपा पर निशाना साधा है। गुरुवार सुबह ED की टीम ने कोलकाता के साल्ट लेक स्थित I-PAC कार्यालय और प्रतीक जैन के लाउडन स्ट्रीट स्थित आवास पर छापेमारी की। एजेंसी के सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई कोयला तस्करी से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले की जांच में सबूत जुटाने के लिए की गई। ED ने स्पष्ट किया कि यह छापेमारी चुनाव या किसी राजनीतिक दल के खिलाफ नहीं, बल्कि सबूतों पर आधारित है।

ममता बनर्जी का आरोप

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी इस कार्रवाई पर नाराज दिखीं। उन्होंने प्रतीक जैन के घर पहुंचकर कहा कि ED उनकी पार्टी टीएमसी के आंतरिक दस्तावेज, हार्ड डिस्क और उम्मीदवारों की सूची जब्त करने की कोशिश कर रही थी। ममता ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर भी निशाना साधते हुए कहा,

'क्या गृह मंत्री और ED का काम पार्टी की हार्ड डिस्क और उम्मीदवारों की सूची इकट्ठा करना है? जो गृह मंत्री देश की सुरक्षा नहीं कर सकता, वह मेरी पार्टी के दस्तावेज क्यों ले जा रहा है?'

ममता ने प्रतीक जैन के घर से एक हरी फाइल और हार्ड डिस्क लेकर बाहर निकली और दावा किया कि पार्टी के दस्तावेज सुरक्षित हैं। उन्होंने इसे लोकतंत्र की हत्या करार दिया और पूरे राज्य में टीएमसी द्वारा प्रदर्शन का एलान किया।

अखिलेश यादव का तंज

इसी बीच, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा पर निशाना साधते हुए सोशल मीडिया पर पोस्ट किया। उन्होंने लिखा, भाजपा बुरी तरह बंगाल हार रही है। पहला प्रमाण! अखिलेश ने इस कार्रवाई को BJP की हार की प्रतिक्रिया के रूप में देखा और इसे राजनीतिक रूप से जोड़कर टिप्पणी की। I-PAC की स्थापना 2014 में प्रशांत किशोर ने की थी। 2019 के लोकसभा चुनाव के बाद से यह फर्म टीएमसी और बंगाल सरकार के साथ काम कर रही है। प्रतीक जैन, I-PAC के को-फाउंडर और टीएमसी के आईटी सेल प्रमुख हैं।

I-PAC ने 2021 के विधानसभा चुनाव में टीएमसी को भारी बहुमत दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी। इसके अलावा, 2024 लोकसभा चुनाव में भी फर्म की रणनीति का बड़ा प्रभाव देखा गया।

Leave a comment