IND vs SA दूसरे टेस्ट में कप्तान ऋषभ पंत को ओवरों के बीच जरूरत से ज्यादा समय लेने पर अंपायर ने दो बार चेतावनी दी। अगली गलती पर भारतीय टीम पर 5 रन की पेनल्टी लग सकती है, जिससे साउथ अफ्रीका को फायदा होगा।
IND vs SA: भारत और साउथ अफ्रीका के बीच दूसरा टेस्ट मैच गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मैच में टीम इंडिया की कप्तानी ऋषभ पंत संभाल रहे हैं क्योंकि रेगुलर कप्तान शुभमन गिल गर्दन में खिंचाव की वजह से इस मुकाबले से बाहर हैं। साउथ अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और दूसरे दिन का खेल जारी है।
वॉर्निंग मिलने की वजह
इस मैच में कप्तान ऋषभ पंत को अंपायर ने दो बार चेतावनी दी है। यह वॉर्निंग उन्हें ओवरों के बीच जरूरत से ज्यादा समय लेने की वजह से मिली। अगर पंत एक और बार ऐसी गलती करते हैं तो इसकी सजा सीधे टीम इंडिया को मिलेगी और यह साउथ अफ्रीका के लिए फायदेमंद साबित हो सकता है। पंत को पहली वॉर्निंग 45वें ओवर में और दूसरी वॉर्निंग अंपायर रिचर्ड केटलबोरो ने 88वें ओवर शुरू होने से पहले दी।

टीम इंडिया पर 5 रन की पेनल्टी का खतरा
जसप्रीत बुमराह और कुलदीप यादव के ओवरों के बीच फील्डिंग सेट करने में ज्यादा समय लेने पर पंत को दूसरी चेतावनी मिली। अगर अगली बार भी वे टाइम वेस्ट करते हुए पाए जाते हैं तो भारतीय टीम पर 5 रन का जुर्माना लगाया जा सकता है। यह 5 रन सीधे साउथ अफ्रीका के खाते में जुड़ेंगे, जिससे मेहमान टीम को बढ़त मिल सकती है।
साउथ अफ्रीका की बल्लेबाजी का हाल
पहले दिन साउथ अफ्रीका ने 6 विकेट के नुकसान पर 247 रन बनाए। उनके टॉप ऑर्डर बल्लेबाज एडन मार्करम, रायन रिकल्टन, ट्रिस्टन स्टब्स और टेम्बा बावुमा सभी ने अच्छी शुरुआत की और 30 रन का आंकड़ा पार किया, लेकिन कोई भी अर्धशतक नहीं बना सका। फिलहाल सेनुरन मुथुसामी और काइल वेरेन क्रीज पर मौजूद हैं। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि साउथ अफ्रीका अपनी पहली पारी में कितना बड़ा स्कोर बनाता है।











