जालोर: तीन महीने बाद मिला झाड़ियों में ड्राइवर का कंकाल, आधार कार्ड से हुई मृतक की पहचान

जालोर: तीन महीने बाद मिला झाड़ियों में ड्राइवर का कंकाल, आधार कार्ड से हुई मृतक की पहचान
AI IMAGE

जालोर में जैतपुरा बांध के पास सोमाराम (28) का कंकाल मिला। पास के दस्तावेजों से पहचान हुई। शव तीन महीने पुराना प्रतीत होता है। पुलिस ने एफएसएल टीम से साक्ष्य जुटाकर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

Rajasthan: रानीवाड़ा थाना क्षेत्र के बड़गांव में गुरुवार को बकरियां चराने वाले चरवाहे को झाड़ियों में बिखरी हड्डियां दिखाई दी। उसने तुरंत ग्रामीणों को सूचना दी। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचित किया, जिसके बाद रानीवाड़ा थानाधिकारी छतरसिंह देवड़ा और डिप्टी भवानी सिंह मौके पर पहुंचे।

मौके पर पहुंची पुलिस ने पाया कि झाड़ियों में एक युवक का कंकाल पड़ा था। उसके पास रखे पर्स में आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पांच पासपोर्ट साइज फोटो और 340 रुपए नकद बरामद हुए। इन दस्तावेजों से मृतक की पहचान दंतवाड़ा (करड़ा) निवासी सोमाराम (28) पुत्र बिजलाराम भील के रूप में हुई।

एफएसएल और एमओबी टीम ने जुटाए साक्ष्य

जालोर से बुलाई गई फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) और मोबाइल ऑपरेशन ब्रांच (एमओबी) की टीम ने घटनास्थल से खोपड़ी, हाथ और पैर की हड्डियों के सैंपल लिए। सभी सैंपल आगे की जांच के लिए सुरक्षित कर दिए गए।

पुलिस ने बताया कि कंकाल के पास बबूल के पेड़ पर काले रंग का कपड़ा और पास ही उसका दूसरा हिस्सा मिला। इससे प्रारंभिक जांच में आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है। कंकाल की हालत देखकर अनुमान लगाया गया कि शव तीन महीने से अधिक पुराना है।

युवक पिछले तीन महीने से लापता

सोमाराम पेशे से ड्राइवर था और अक्सर काम के सिलसिले में गुजरात में रहता था। परिजनों ने बताया कि वह छह महीने में एक बार ही घर आता था। करीब तीन महीने पहले घर से निकला था और उसके बाद कोई संपर्क नहीं हो पाया। मोबाइल भी बंद आने के कारण परिजन उसकी लगातार तलाश कर रहे थे।

सोमाराम शादीशुदा था और उसके दो छोटे बच्चे हैं, एक पांच साल का और दूसरा दो साल का। उसकी पत्नी इस समय गर्भवती है। परिवार ने पुलिस को युवक की लापता होने की जानकारी पहले ही दी थी।

पुलिस कर रही सभी पहलुओं से जांच

पुलिस ने बताया कि बरामद दस्तावेजों के आधार पर आसपास के क्षेत्रों और थानों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। पुलिस ने कहा कि मामले की पूरी जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही घटनाक्रम का खुलासा किया जा सकेगा।

थानाधिकारी ने यह भी कहा कि शुरुआती जांच में आत्महत्या की संभावना है, लेकिन कोई भी निष्कर्ष पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही तय किया जाएगा।

Leave a comment