जापान अब भारतीय छात्रों के लिए MBBS का नया विकल्प बन गया है। यहां की गुणवत्ता पूर्ण मेडिकल शिक्षा, किफायती फीस और अंतरराष्ट्रीय मान्यता छात्रों को डॉक्टर बनने और वैश्विक करियर बनाने का अवसर देती है।
MBBS in Japan: अगर आप विदेश में MBBS करना चाहते हैं तो जापान आपके लिए अब एक आकर्षक विकल्प बन गया है। पहले अमेरिका, यूके, रूस और यूक्रेन जैसे देशों को मेडिकल पढ़ाई के लिए पसंद किया जाता था, लेकिन अब जापान ने अपनी शिक्षा प्रणाली और अंतरराष्ट्रीय मान्यता के कारण भारतीय छात्रों का ध्यान खींचा है। यहाँ पढ़ाई करने से न केवल डॉक्टर बनने का मौका मिलता है, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कैरियर बनाने के भी रास्ते खुलते हैं।
जापान की मेडिकल शिक्षा क्यों है खास
जापान की मेडिकल शिक्षा अपने सख्त और गुणवत्ता पूर्ण प्रशिक्षण के लिए जानी जाती है। MBBS की पढ़ाई यहाँ छह साल के कार्यक्रम में होती है। इसमें केवल किताबों का ज्ञान ही नहीं, बल्कि क्लिनिकल ट्रेनिंग, रिसर्च और प्रैक्टिकल अनुभव पर भी जोर दिया जाता है। यही वजह है कि जापान से डिग्री प्राप्त डॉक्टरों की दुनिया भर में बहुत मांग है।
वर्तमान में जापान में लगभग 80 विश्वविद्यालय और 82 मेडिकल संस्थान चिकित्सा शिक्षा प्रदान कर रहे हैं। यह संख्या खुद ही यह दर्शाती है कि जापान एशिया के बड़े मेडिकल हब्स में से एक बन चुका है।
फीस और खर्च
भारतीय छात्रों के लिए यह सवाल अक्सर होता है कि जापान में पढ़ाई कितनी महंगी होगी। जापान में MBBS का शुल्क लगभग 35 लाख येन से 48 लाख येन तक होता है। भारतीय मुद्रा में यह करीब 20 से 28 लाख रुपये सालाना बनता है। अमेरिका और ब्रिटेन की तुलना में यह काफी किफायती है।
इसके अलावा रहने और खाने का खर्च भी अपेक्षाकृत कम है। इसलिए जापान आर्थिक दृष्टि से भी भारतीय छात्रों के लिए एक अच्छा विकल्प साबित हो सकता है।
एडमिशन के लिए जरूरी योग्यता
जापान में MBBS पढ़ने के लिए भारतीय छात्रों को कुछ योग्यताएं पूरी करनी होती हैं। सबसे पहली आवश्यकता है NEET परीक्षा पास होना। इसके अलावा भाषा दक्षता भी जरूरी है।
यदि आप जापानी माध्यम से पढ़ाई करना चाहते हैं तो JLPT N1 या N2 स्तर का प्रमाणपत्र जरूरी है। वहीं, अंग्रेजी माध्यम के लिए TOEFL या IELTS स्कोर मांगा जाता है। कुछ विश्वविद्यालयों में अपनी प्रवेश परीक्षा या इंटरव्यू भी आयोजित किया जाता है।
जापान में MBBS एडमिशन प्रक्रिया
भारतीय छात्रों के लिए जापान में मेडिकल कॉलेज में प्रवेश के लिए निम्नलिखित स्टेप्स हैं:
- 12वीं (साइंस स्ट्रीम) में अच्छे अंक प्राप्त करना
- भाषा दक्षता का प्रमाणपत्र हासिल करना
- अपने पसंद के विश्वविद्यालय का चयन करना
- ऑनलाइन आवेदन करना
- यदि आवश्यक हो तो प्रवेश परीक्षा या इंटरव्यू देना
- चयन होने के बाद छात्र वीज़ा प्राप्त करना
यह प्रक्रिया सरल और स्पष्ट है और छात्रों को समय रहते तैयारी करने की सलाह दी जाती है।
कैरियर के अवसर
जापान से MBBS पूरी करने के बाद छात्रों के पास कई विकल्प उपलब्ध होते हैं। आप जापान में मेडिकल लाइसेंस लेकर डॉक्टर के रूप में प्रैक्टिस कर सकते हैं।
जापानी डिग्री अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त है, इसलिए आप अन्य देशों में भी नौकरी के अवसर तलाश सकते हैं। भारत में मेडिकल काउंसिल की मान्यता मिलने पर भारत में भी प्रैक्टिस करना संभव है।