Columbus

जनसुनवाई हमले के बाद आज जनता के बीच लौटेंगी CM रेखा गुप्ता, गांधी नगर और चाणक्यपुरी के कार्यक्रमों में होंगी शामिल

जनसुनवाई हमले के बाद आज जनता के बीच लौटेंगी CM रेखा गुप्ता, गांधी नगर और चाणक्यपुरी के कार्यक्रमों में होंगी शामिल

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) पर हाल ही में जनसुनवाई के दौरान हुए हमले ने पूरे राजनीतिक माहौल को हिला दिया था। दो दिन पहले घटी इस घटना में हमलावर ने अचानक सीएम पर हमला कर दिया था। 

CM Rekha Gupta: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर दो दिन पहले जनसुनवाई के दौरान हुए हमले के बाद अब वे पूरी तरह स्वस्थ हैं। डॉक्टरों की जांच और इलाज के बाद उन्हें किसी गंभीर चोट से सुरक्षित पाया गया। अब मुख्यमंत्री शुक्रवार, 22 अगस्त से अपने आधिकारिक कार्य फिर से शुरू कर सकती हैं। रेखा गुप्ता सिविल लाइंस स्थित अपने सरकारी आवास में रहती हैं। 

बीते बुधवार, 20 अगस्त की सुबह जनसुनवाई के दौरान अचानक राजेश खिमजी नामक व्यक्ति ने उन पर हमला कर दिया था। इस घटना के दो दिन बाद अब उनके दिल्ली सचिवालय स्थित कार्यालय में लौटने की संभावना है।

जनसुनवाई के दौरान हुआ था हमला

घटना 20 अगस्त की सुबह की है, जब मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता अपने सिविल लाइंस स्थित सरकारी आवास पर जनसुनवाई कर रही थीं। इस दौरान राजेशभाई खिमजी नामक 41 वर्षीय व्यक्ति ने उन पर अचानक हमला कर दिया। सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत हमलावर को काबू कर लिया और पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। बाद में आरोपी को पांच दिन की रिमांड पर भेजा गया। उस पर हत्या की कोशिश (IPC 307) समेत कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज हुआ है।

डॉक्टरों ने रेखा गुप्ता का पूरा मेडिकल चेकअप किया और जरूरी इलाज दिया। अब वे पूरी तरह स्वस्थ हैं और आज से फिर से जनता के बीच काम शुरू करेंगी। सीएम सचिवालय के अनुसार, रेखा गुप्ता का पहला सार्वजनिक कार्यक्रम सुबह 11:30 बजे गांधी नगर स्थित 'वस्त्रिका' (Vastrika) आयोजन होगा, जो दिल्ली के गारमेंट हब में किया जा रहा है। इसके बाद शाम 4 बजे चाणक्यपुरी के अशोक होटल में उद्योग विभाग द्वारा आयोजित 'आइडियाथॉन' (Ideathon) ग्रैंड फिनाले में भी वे शिरकत करेंगी।

'दिल्ली को कभी अकेला नहीं छोड़ूंगी' - रेखा गुप्ता

हमले के बाद भी सीएम रेखा गुप्ता ने अपने हौसले और जज्बे का परिचय दिया। उन्होंने कहा, मेरे जीवन का हर पल दिल्ली को समर्पित है। इस तरह के अप्रत्याशित झटकों के बावजूद मैं दिल्ली को कभी नहीं छोड़ूंगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उनका 'जनसुनवाई' कार्यक्रम अब केवल उनके आवास तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसे हर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित किया जाएगा ताकि अधिक से अधिक लोग सीधे अपनी समस्याएं उनके सामने रख सकें।

अपने पिता की शिक्षाओं को याद करते हुए रेखा गुप्ता ने कहा कि महिलाएं किसी भी परिस्थिति में चुनौतियों का सामना करने में सक्षम होती हैं। उन्होंने कहा,
महिलाओं में कठिनाइयों से पार पाने की दोगुनी ताकत होती है। खुद को साबित करने के लिए हमें अनगिनत परीक्षाओं से गुजरना पड़ता है और मैं भी इसके लिए पूरी तरह तैयार हूं।

Leave a comment