जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज 12 जनवरी 2026 को अपनी पहली आधिकारिक भारत यात्रा पर आ रहे हैं। खास बात यह है कि मर्ज दिल्ली न जाकर सीधे अहमदाबाद पहुंचेंगे, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उनका स्वागत करेंगे। इस यात्रा के दौरान मर्ज अहमदाबाद और बेंगलुरु के दौरे पर रहेंगे।
नई दिल्ली: जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज 12-13 जनवरी को अपनी पहली आधिकारिक भारत यात्रा पर पहुंच रहे हैं। हालांकि वह दिल्ली न जाकर सीधे गुजरात की राजधानी गांधीनगर से सटे अहमदाबाद पहुंचेंगे, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उनका स्वागत करेंगे। अहमदाबाद के बाद मर्ज का बेंगलुरु जाने का कार्यक्रम है। इस यात्रा के साथ ही जर्मन चांसलर उन ग्लोबल नेताओं में शामिल हो जाएंगे, जो पीएम मोदी के कार्यकाल में अहमदाबाद का दौरा कर चुके हैं। मर्ज से पहले ऐसा करने वाले वैश्विक नेताओं की संख्या केवल पांच है।
भारत यात्रा का महत्व
विदेश मंत्रालय ने बताया कि मर्ज की यह यात्रा यूरोप के लिए भारत की बढ़ती रणनीतिक अहमियत को दर्शाती है। जर्मन चांसलर भारत-जर्मनी द्विपक्षीय संबंधों और वैश्विक सहयोग के मुद्दों पर पीएम मोदी के साथ चर्चा करेंगे। यात्रा के एजेंडे में व्यापार, निवेश, सुरक्षा, तकनीकी सहयोग, शिक्षा, स्वच्छ ऊर्जा, कौशल विकास, मोबिलिटी, विज्ञान, इनोवेशन और रिसर्च जैसे विषय शामिल हैं।
भारत और जर्मनी पहले ही 2024 में इंडो-जर्मन ग्रीन हाइड्रोजन रोडमैप शुरू कर चुके हैं। इसका लक्ष्य भारत में हाइड्रोजन उत्पादन, खपत और निर्यात को बढ़ावा देना है। मर्ज की यह यात्रा इन प्रयासों को और गति देने का अवसर माने जा रहे हैं।
अहमदाबाद का चयन और ऐतिहासिक संदर्भ

जर्मन चांसलर का सीधे अहमदाबाद आना केवल औपचारिक दौरे का हिस्सा नहीं है। यह पीएम मोदी के साथ उनके व्यक्तिगत और रणनीतिक रिश्तों को दिखाता है। अहमदाबाद में प्रधानमंत्री ने पहले भी कई वैश्विक नेताओं का स्वागत किया है। पीएम मोदी के कार्यकाल में अहमदाबाद दौरे करने वाले पहले पांच ग्लोबल लीडर्स हैं:
- शी जिनपिंग – चीन के राष्ट्रपति, सितंबर 2014 में साबरमती रिवरफ्रंट में द्विपक्षीय चर्चा।
- शिंजो आबे – जापान के प्रधानमंत्री, सितंबर 2017 में भारत-जापान वार्षिक शिखर सम्मेलन।
- बेंजामिन नेतन्याहू – इजरायल के प्रधानमंत्री, जनवरी 2018 में अहमदाबाद से साबरमती आश्रम तक रोडशो।
- डोनाल्ड ट्रंप – अमेरिकी राष्ट्रपति, फरवरी 2020 में ‘नमस्ते ट्रंप’ कार्यक्रम, नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भव्य स्वागत।
- शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान – UAE राष्ट्रपति, फरवरी 2024 में वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट में मुख्य अतिथि।
इस क्रम में मर्ज का दौरा अहमदाबाद की वैश्विक राजनीति और भारत के अंतरराष्ट्रीय महत्व को रेखांकित करता है।
जियो-पॉलिटिक्स और वैश्विक परिदृश्य
मर्ज की भारत यात्रा ऐसे समय हो रही है जब वैश्विक जियो-पॉलिटिकल परिदृश्य काफी जटिल है। रूस-यूक्रेन युद्ध, अमेरिका की टैरिफ नीतियां, वेनेजुएला और अन्य देशों में राजनीतिक तनाव ने वैश्विक संतुलन को प्रभावित किया है। भारत इस समय ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की अध्यक्षता भी कर रहा है, जिससे ग्लोबल साउथ की अगुवाई में नई रणनीतिक चर्चाएं हो रही हैं।
जर्मनी के साथ सहयोग यूरोपियन यूनियन के भारत-यूरोपियन यूनियन फ्री ट्रेड एग्रीमेंट के एजेंडे को भी प्रभावित करेगा। फरवरी में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों की भारत यात्रा और AI शिखर सम्मेलन भी इसी कड़ी का हिस्सा है।











