अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा की पहली साउथ फिल्म 'जटाधरा' का ट्रेलर रिलीज हो चुका है। ट्रेलर में अलौकिक शक्तियों और महादेव के चमत्कार जैसे दृश्य दिखाई दिए हैं, जो दर्शकों को रोमांचित कर रहे हैं।
एंटरटेनमेंट न्यूज़: बॉलीवुड और साउथ फिल्म इंडस्ट्री की चर्चित अदाकारा सोनाक्षी सिन्हा अपनी पहली साउथ फिल्म ‘जटाधरा’ के साथ दर्शकों के सामने आ रही हैं। फिल्म का ट्रेलर हाल ही में रिलीज़ किया गया, जिसमें खौफनाक खजाने की खोज, अलौकिक शक्तियों और महादेव के चमत्कार से जुड़ी कहानी दिखाई गई।
फिल्म के ट्रेलर को साउथ सुपरस्टार महेश बाबू ने लॉन्च किया। इस मौके पर महेश बाबू ने फिल्म की टीम की तारीफ करते हुए कहा कि 'जटाधरा' एक अनोखी कहानी लेकर आ रही है, जो दर्शकों को स्क्रीन से जोड़कर रखेगी।
फिल्म का स्टार कास्ट और टीम
- सोनाक्षी सिन्हा – धन पिशाचिनी का किरदार
- सुधीर बाबू – उनके बेटे और घोस्ट हंटर की भूमिका
- शिल्पा शिरोडकर – खजाने से जुड़े रहस्य की कुंजी
- दिव्या खोसला – फिल्म में अहम भूमिका
फिल्म को जी स्टूडियोज और प्रेरणा अरोड़ा ने प्रस्तुत किया है, जबकि निर्देशन का जिम्मा वेंकट कल्याण और अभिषेक जायसवाल ने संभाला है।
- रिलीज़ डेट: 7 नवंबर 2025
- भाषाएँ: हिंदी और तेलुगु
- फॉर्मेट: सिनेमाघरों में पैन इंडिया रिलीज
ट्रेलर की कहानी और खासियत
फिल्म 'जटाधरा' की कहानी कई साल पुराने खजाने के रहस्य से जुड़ी है। ट्रेलर में दिखाया गया कि सोनाक्षी सिन्हा ने धन पिशाचिनी का किरदार निभाया है, जो अपने परिवार के खजाने की रक्षा के लिए अलौकिक शक्तियों का इस्तेमाल करती हैं। ट्रेलर में शिल्पा शिरोडकर के घर में छिपे खजाने का रहस्य भी सामने आता है। इस खजाने को पाने के लिए लोग कई खतरनाक कदम उठाते हैं।
सुधीर बाबू, सोनाक्षी सिन्हा के बेटे के रूप में, घोस्ट हंटर की भूमिका में हैं। उनका मानना है कि भूत-प्रेत जैसी कोई चीज़ नहीं होती, लेकिन कहानी में जैसे-जैसे घटनाएँ आगे बढ़ती हैं, उसे अपनी मान्यताओं पर भी संदेह होना शुरू हो जाता है। ट्रेलर में कई डार्क और थ्रिलिंग दृश्य हैं, जिसमें तंत्र विद्या, रहस्यमय शमशान और महादेव के चमत्कार शामिल हैं। सोनाक्षी सिन्हा का रौद्र रूप और उनके चरित्र की अलौकिक शक्तियाँ दर्शकों को रोमांचित कर देंगी।