खामेनेई के निधन पर शहबाज शरीफ का भावुक संदेश, बोले- 'कठिन समय में पाकिस्तान ईरान के साथ खड़ा है'

खामेनेई के निधन पर शहबाज शरीफ का भावुक संदेश, बोले- 'कठिन समय में पाकिस्तान ईरान के साथ खड़ा है'

Shehbaz Sharif ने Ali Khamenei की मौत पर गहरा दुख जताया। उन्होंने इसे शहादत बताते हुए ईरान के साथ एकजुटता व्यक्त की और अंतरराष्ट्रीय कानून के उल्लंघन पर चिंता जाहिर की।

Pakistan: ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला सैय्यद अली खामेनेई की मौत के बाद पाकिस्तान की ओर से पहली आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आई है। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने इस घटना पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि पाकिस्तान की सरकार और जनता इस दुख की घड़ी में ईरान के लोगों के साथ खड़ी है।

शहबाज शरीफ ने अपने संदेश में खामेनेई की मौत को शहादत बताया और उनके लिए गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने कहा कि यह समय ईरान के लिए बेहद कठिन है और पाकिस्तान पूरी सहानुभूति के साथ उसके साथ खड़ा है।

अंतरराष्ट्रीय कानून के उल्लंघन पर चिंता

पाकिस्तानी प्रधानमंत्री ने अपने बयान में अंतरराष्ट्रीय कानून के उल्लंघन को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि किसी भी देश या सरकार के प्रमुख को निशाना बनाना एक गंभीर मामला है और यह स्थापित परंपराओं के खिलाफ है।

उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि वैश्विक नियमों और परंपराओं का सम्मान किया जाना चाहिए। शहबाज शरीफ ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए कहा कि अल्लाह ईरानी जनता को इस अपूरणीय क्षति को सहने की शक्ति दे।

अमेरिका-इजरायल हमले में हुई मौत

86 वर्षीय अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत अमेरिका और इजरायल के संयुक्त हवाई हमलों में हुई। शनिवार को तेहरान और ईरान के अन्य हिस्सों में बड़े पैमाने पर एयर स्ट्राइक की गई थी। इन्हीं हमलों के दौरान खामेनेई की जान चली गई।

यह हमला पहले से चल रहे सैन्य अभियान का हिस्सा बताया जा रहा है। अमेरिका और इजरायल की ओर से ईरान के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है, जिससे पूरे क्षेत्र में तनाव चरम पर पहुंच गया है।

पाकिस्तान में प्रदर्शन

खामेनेई की मौत की खबर के बाद पाकिस्तान के कई शहरों में विरोध प्रदर्शन देखने को मिले। खासकर कराची में हालात तनावपूर्ण हो गए। कुछ प्रदर्शनकारियों ने कराची स्थित अमेरिकी कांसुलेट को आग लगाने की कोशिश की।

इस दौरान सुरक्षा बलों और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हुई। गोलीबारी की घटना में 22 पाकिस्तानी नागरिकों की मौत हो गई। इस घटना ने पाकिस्तान के भीतर स्थिति को और संवेदनशील बना दिया है। सरकार ने सुरक्षा कड़ी कर दी है और हालात पर नजर रखी जा रही है।

ईरान में 40 दिन का राष्ट्रीय शोक

ईरान ने खामेनेई की मौत के बाद 40 दिनों का राष्ट्रीय शोक घोषित किया है। देशभर में सरकारी इमारतों पर झंडे झुका दिए गए हैं। मस्जिदों और सार्वजनिक स्थलों पर शोक सभाएं आयोजित की जा रही हैं।

ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान ने इस हमले को बड़ा अपराध बताया है। उन्होंने बदले की कसम खाते हुए कहा कि जिम्मेदार लोगों को इसका जवाब दिया जाएगा। तेहरान की सड़कों पर हजारों लोग काले कपड़ों में नजर आए। कई जगहों पर अमेरिका और इजरायल के खिलाफ नारेबाजी भी हुई।

Leave a comment