OpenAI की रिपोर्ट के अनुसार, GPT-5 लॉन्च के बाद हेल्थकेयर से जुड़े सवालों में तेज बढ़ोतरी हुई है। हर हफ्ते लाखों यूजर्स ChatGPT से लक्षण, इलाज और हेल्थ इंश्योरेंस की जानकारी ले रहे हैं। खासकर ग्रामीण इलाकों में AI मेडिकल समझ बढ़ाने का अहम जरिया बनकर उभरा है।
ChatGPT Health Queries: OpenAI की ताजा रिपोर्ट बताती है कि GPT-5 मॉडल के लॉन्च के बाद दुनियाभर में लोग तेजी से हेल्थ और मेडिकल जानकारी के लिए ChatGPT का इस्तेमाल कर रहे हैं। यह ट्रेंड खास तौर पर ग्रामीण और सीमित स्वास्थ्य सुविधाओं वाले क्षेत्रों में देखा गया है, जहां यूजर्स लक्षण समझने, इलाज के विकल्प जानने और हेल्थ इंश्योरेंस से जुड़े सवालों के जवाब पाने के लिए AI पर निर्भर हो रहे हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, हर हफ्ते 16 से 19 लाख सवाल सिर्फ इंश्योरेंस पर पूछे जा रहे हैं, जो बदलते डिजिटल हेल्थ व्यवहार की ओर इशारा करता है।
GPT-5 के बाद क्यों बढ़ी हेल्थ से जुड़ी पूछताछ
OpenAI रिपोर्ट के अनुसार, GPT-5 मॉडल के लॉन्च के बाद हेल्थकेयर से जुड़े सवालों में साफ उछाल देखा गया। खासतौर पर हेल्थ इंश्योरेंस से जुड़े विषय सबसे ज्यादा पूछे जा रहे हैं। लोग प्लान की तुलना, इलाज का खर्च, क्लेम प्रक्रिया और कवरेज जैसे जटिल मुद्दों को समझने के लिए ChatGPT की मदद ले रहे हैं।
आंकड़ों के मुताबिक, हर हफ्ते करीब 16 से 19 लाख मैसेज केवल हेल्थ इंश्योरेंस से जुड़े सवालों पर आते हैं। यह कुल ग्लोबल ChatGPT यूजर्स का लगभग 5 प्रतिशत हिस्सा है, जो बताता है कि बीमा और इलाज की जानकारी में AI एक अहम भूमिका निभा रहा है।

ग्रामीण इलाकों में AI बना जानकारी का सहारा
रिपोर्ट की एक अहम बात यह भी है कि हेल्थ और इंश्योरेंस से जुड़े ज्यादातर सवाल ग्रामीण और पिछड़े इलाकों से आ रहे हैं। इन क्षेत्रों में डॉक्टरों, अस्पतालों और विशेषज्ञों की सीमित उपलब्धता के कारण लोगों के लिए मेडिकल टर्म्स और प्रक्रियाओं को समझना आसान नहीं होता।
ऐसे में ChatGPT जैसे AI टूल्स लोगों को सरल भाषा में जानकारी देकर मदद कर रहे हैं। यही वजह है कि ग्रामीण इलाकों में AI को एक सहायक हेल्थ गाइड के रूप में देखा जा रहा है, जो शुरुआती स्तर पर समझ बढ़ाने का काम कर रहा है।
लक्षण समझने से इलाज तक AI की भूमिका
सर्वे के अनुसार, 55 प्रतिशत से ज्यादा यूजर्स अपने लक्षणों को समझने के लिए ChatGPT से सवाल पूछते हैं। वहीं 48 प्रतिशत लोग मेडिकल शब्दों का मतलब जानने के लिए AI का सहारा लेते हैं। करीब 44 प्रतिशत यूजर्स इलाज के संभावित विकल्पों की जानकारी पाने के लिए भी चैटबॉट का इस्तेमाल कर रहे हैं।
OpenAI का मानना है कि यह तकनीक उन जगहों पर डॉक्टर और मरीज के बीच की दूरी कम कर रही है, जहां स्वास्थ्य सुविधाएं सीमित हैं। हालांकि, यह केवल जानकारी देने का माध्यम है, इलाज का विकल्प नहीं।












