दिल्ली MCD उपचुनाव में BJP और AAP ने प्रचार तेज कर दिया है। 12 वार्डों में मतदान 30 नवंबर को और मतगणना 3 दिसंबर को होगी। दोनों पार्टियां मतदाताओं को लुभाने के लिए जनसभाएं और घर-घर अभियान चला रही हैं।
MCD By-Elections: दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) उपचुनाव के लिए शुक्रवार को प्रचार का आखिरी दिन है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और आम आदमी पार्टी (आप) के वरिष्ठ नेता मतदाताओं को लुभाने के लिए अपने प्रयास तेज कर चुके हैं। दिल्ली राज्य चुनाव आयोग ने 30 नवंबर को 12 खाली वार्डों में होने वाले उपचुनाव की तैयारी लगभग पूरी कर ली है। मतगणना 3 दिसंबर को होगी। नॉमिनेशन प्रक्रिया 3 नवंबर को शुरू होकर 10 नवंबर को समाप्त हुई थी। राज्य चुनाव आयुक्त विजय देव ने कहा कि आयोग स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए युद्ध स्तर पर काम कर रहा है।
उपचुनाव वाले वार्ड
इस बार उपचुनाव मुंडका, शालीमार बाग B, अशोक विहार, चांदनी चौक, द्वारका B, ग्रेटर कैलाश और विनोद नगर समेत कुल 12 वार्डों में हो रहे हैं। चुनाव आयोग के अनुसार वोटिंग के लिए 580 पोलिंग स्टेशन बनाए गए हैं। इनमें सबसे ज्यादा 55 पोलिंग बूथ शालीमार बाग B वार्ड में हैं, जिसे मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपने मुख्यमंत्री पद के लिए छोड़ दिया था।
मतदाता आंकड़े

12 वार्ड में कुल मतदाताओं की संख्या 6,98,751 है। इसमें 3,74,988 पुरुष और 3,23,710 महिलाएँ शामिल हैं। थर्ड-जेंडर मतदाताओं की संख्या 53 है, जबकि दिव्यांग वोटर्स 60 हैं। बुज़ुर्ग वोटर्स (80 साल से अधिक उम्र) की संख्या 14,529 है। वहीं इस वर्ष 18 साल के हुए युवा मतदाताओं की संख्या 4,458 है। बुज़ुर्ग वोटर्स का प्रतिशत 2.07 प्रतिशत है, जो युवा वोटर्स (0.63 प्रतिशत) से अधिक है।
BJP का प्रचार अभियान
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बृहस्पतिवार को चांदनी महल वार्ड के प्रत्याशी सुनील शर्मा के समर्थन में छत्ता लाल मियां में जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि आगामी उपचुनाव में केवल भाजपा के उम्मीदवारों को ही चुना जाए, ताकि भाजपा के सर्वांगीण विकास एजेंडे का लाभ जनता को मिल सके। भाजपा ने विभिन्न वार्डों में स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं के माध्यम से घर-घर प्रचार अभियान भी तेज किया है।
AAP का प्रचार अभियान
आम आदमी पार्टी ने भी 12 वार्डों में बड़े पैमाने पर प्रचार किया। अशोक विहार वार्ड 65 में पार्टी उम्मीदवार सीमा विकास गोयल के समर्थन में राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार ने झुग्गियों पर बुलडोज़र चलाया, लेकिन अब जनता भाजपा पर बुलडोज़र चलाएगी। वहीं दिल्ली विधानसभा में विपक्ष की नेता आतिशी ने मुंडका वार्ड 35 और दक्षिणपुरी वार्ड 164 में अभियान चलाया और मतदाताओं से AAP को समर्थन देने का आग्रह किया।











