महिला शिक्षा को नई दिशा: जयपुर से सीकर में स्थानांतरित होगा महिला पॉलिटेक्निक कॉलेज

महिला शिक्षा को नई दिशा: जयपुर से सीकर में स्थानांतरित होगा महिला पॉलिटेक्निक कॉलेज

सीकर जिले की बेटियों के लिए कौशल विकास और तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी राहत मिली है। राजस्थान बजट 2025 में घोषित महिला पॉलिटेक्निक कॉलेज अब जयपुर की बजाय सीकर शहर में ही शुरू किया जाएगा। राज्य सरकार ने इसके संचालन की अनुमति जारी कर दी है और नए भवन के निर्माण की प्रक्रिया भी तेजी से आगे बढ़ रही है।

सीकर: राजस्थान सरकार ने जिले की बेटियों को तकनीकी शिक्षा से जोड़ने के उद्देश्य से महिला पॉलिटेक्निक कॉलेज को जयपुर से स्थानांतरित कर सीकर में ही संचालित करने का निर्णय अंतिम रूप से मंजूर कर दिया है। चंदपुरा स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज परिसर में करीब चार एकड़ भूमि आवंटित कर नए भवन के निर्माण की तैयारी शुरू कर दी गई है। 

इसके लिए 8.25 करोड़ रुपये की लागत स्वीकृत की गई है और राजस्थान राज्य कृषि विपणन बोर्ड ने टेंडर प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। आगामी सत्र से यहां तीन डिप्लोमा कोर्स शुरू करने की योजना है, जिससे जिले की छात्राओं को अब लंबे सफर की जरूरत नहीं पड़ेगी और स्थानीय स्तर पर ही रोजगार उन्मुख शिक्षा उपलब्ध होगी। यह कदम सीकर के लिए महिला तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण बढ़त साबित होगा।

तीन नए कोर्स, बढ़ेगी सीटों की क्षमता

सीकर में बनने जा रहे महिला पॉलिटेक्निक कॉलेज में शुरुआत तीन ट्रेड के साथ की जाएगी, जिनमें कॉस्ट्यूम डिजाइन एंड ड्रेस मेकिंग, फैशन एंड अपैरल डिजाइन और इंटीरियर डेकोरेशन शामिल हैं। प्रत्येक ट्रेड में 30-30 सीटें निर्धारित की गई हैं, जिससे छात्राओं को स्थानीय स्तर पर ही कौशल आधारित तकनीकी शिक्षा का अवसर मिलेगा।

इसके साथ ही राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में महिलाओं के लिए संचालित ब्यूटी कल्चर ब्रांच को भी नया भवन मंजूर किया गया है। एक करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस भवन के लिए आरएसएएमबी द्वारा निविदा प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

जयपुर में नहीं मिला रिस्पॉन्स

सीकर के महिला पॉलिटेक्निक कॉलेज को एआईसीटीई से मान्यता मिलने के बाद इस सत्र में अस्थायी रूप से जयपुर के सांगानेर पॉलिटेक्निक कॉलेज में शुरू किया गया था। लेकिन यहां अधूरा ढांचागत सेटअप और सीमित स्थानीय रुचि के कारण एक भी प्रवेश नहीं मिल सका। इससे कॉलेज संचालन पर सवाल खड़े हो गए और विभाग को वैकल्पिक व्यवस्था पर विचार करना पड़ा।

सरकार ने बदला निर्णय

प्रवेश न मिलने के बाद मामले की समीक्षा की गई और अतिरिक्त मुख्य सचिव के निर्देश पर संयुक्त शासन सचिव महेंद्र कुमार शर्मा ने कॉलेज को सीकर में संचालित करने की अनुमति जारी कर दी। इसके साथ ही तकनीकी शिक्षा निदेशालय को स्थानांतरण प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। अब कॉलेज को स्थानीय छात्राओं की जरूरतों के अनुरूप शहर में ही स्थायी रूप से विकसित किया जाएगा।

Leave a comment