महिला प्रीमियर लीग 2026 के पहले मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने डिफेंडिंग चैंपियन मुंबई इंडियंस को तीन विकेट से शिकस्त दी। मैच में मुंबई इंडियंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए आरसीबी के सामने 155 रन का लक्ष्य रखा।
स्पोर्ट्स न्यूज़: महिला प्रीमियर लीग (WPL) 2026 की शुरुआत बेहद रोमांचक अंदाज में हुई, जहां पहले ही मुकाबले में दर्शकों को आखिरी गेंद तक चला थ्रिलर देखने को मिला। डिफेंडिंग चैंपियन मुंबई इंडियंस को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने तीन विकेट से हराकर टूर्नामेंट का आगाज जीत के साथ किया। यह मुकाबला आखिरी ओवर तक खिंचा, जिसमें नाडिन डी क्लर्क की ऑलराउंड परफॉर्मेंस आरसीबी की जीत की सबसे बड़ी वजह बनी।
मुंबई इंडियंस ने बनाए 154 रन
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई इंडियंस की शुरुआत अच्छी नहीं रही। सलामी बल्लेबाज अमेलिया केर बिना खाता खोले आउट हो गईं और टीम ने शुरुआती ओवरों में लगातार विकेट गंवाए। 11 ओवर तक मुंबई की टीम चार विकेट खोकर सिर्फ 67 रन ही बना सकी थी। इस मुश्किल स्थिति में सजीवन सजना और निकोला कैरी ने पारी को संभाला।
सजीवन सजना ने 25 गेंदों में 45 रनों की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें उन्होंने 7 चौके और 1 छक्का जड़ा। वहीं, निकोला कैरी ने 29 गेंदों में 40 रन बनाए। दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 49 गेंदों में 82 रनों की अहम साझेदारी की, जिसने मुंबई को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। शीर्ष क्रम में गुनालन कमलिनी ने 28 गेंदों में 32 रन बनाए, जबकि कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 20 रनों का योगदान दिया। मुंबई की पूरी टीम 20 ओवर में 154 रन पर सिमट गई।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की ओर से नाडिन डी क्लर्क ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार विकेट झटके। उन्होंने अपने चार ओवरों में सिर्फ 26 रन देकर मुंबई की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। लॉरेन बेल और श्रेयंका पाटिल को भी एक-एक सफलता मिली। खास बात यह रही कि WPL 2026 की शुरुआत लॉरेन बेल के मेडन ओवर से हुई, जिसमें उन्होंने अमेलिया केर को आउट किया।

आरसीबी की तेज शुरुआत, फिर गिरे विकेट
155 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी की टीम को स्मृति मंधाना और ग्रेस हैरिस ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों ने मिलकर सिर्फ तीन ओवर में 40 रन जोड़ दिए। हालांकि, इसके बाद मुंबई की गेंदबाजी ने वापसी की और आरसीबी के विकेट तेजी से गिरने लगे। 65 रन के स्कोर तक आरसीबी ने अपने पांच विकेट गंवा दिए थे, जिससे मैच पूरी तरह पलटता नजर आने लगा।
कठिन हालात में नाडिन डी क्लर्क ने जिम्मेदारी संभाली और अरुणधती रेड्डी के साथ मिलकर छठे विकेट के लिए 52 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी की। अरुणधती रेड्डी ने 20 रन बनाकर टीम को लक्ष्य के करीब पहुंचाया, लेकिन वह अंतिम ओवर से पहले आउट हो गईं। इसके बाद मैच पूरी तरह आखिरी ओवर पर आ गया।











