एक इवेंट के दौरान सामने आए वीडियो ने ओडिशा की 26 वर्षीय एक्ट्रेस सिवानी संगीता को सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया है। फैन से हुई उनकी सहज बातचीत, मुस्कान और सिंगिंग अंदाज ने लोगों का दिल जीत लिया, जिसके बाद वह तेजी से चर्चा में आ गई हैं।
Viral Girl Video: ओडिशा की एक्ट्रेस सिवानी संगीता इन दिनों सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की वजह से सुर्खियों में हैं। यह वीडियो Indian Youth Premier League की 25वीं एनिवर्सरी सेलिब्रेशन के दौरान सामने आया, जहां मंच से एक फैन की गुजारिश पर उनके सिंगिंग को लेकर हुई बातचीत ने सबका ध्यान खींचा। कार्यक्रम में मौजूद दर्शकों और ऑनलाइन यूजर्स को उनकी सादगी और विनम्र जवाब पसंद आए। यही वजह है कि यह वीडियो तेजी से शेयर हो रहा है और लोग सिवानी की पर्सनल और प्रोफेशनल लाइफ के बारे में जानने में दिलचस्पी दिखा रहे हैं।
वायरल वीडियो में क्या है खास
कार्यक्रम के दौरान मंच पर बोलते हुए सिवानी ने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा कि वह दो मिनट में एक गाना सुनाएंगी। इसी पर सामने खड़े एक फैन ने कहा, 10 मिनट ले लीजिए, लेकिन गाइए जरूर। यह सुनते ही सिवानी मुस्कुरा पड़ीं और हामी भर दी।
जब फैन ने यह भी जोड़ा कि वह उत्तर प्रदेश से हैं और उड़िया भाषा नहीं समझते, फिर भी गाना सुनना चाहते हैं, तो सिवानी का जवाब और विनम्रता लोगों को और पसंद आई। यही सहज पल अब Viral Girl Video के नाम से सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर किया जा रहा है।

कौन हैं सिवानी संगीता
सिवानी संगीता का जन्म 12 जुलाई 2000 को कटक, ओडिशा में हुआ। उन्होंने महज छह साल की उम्र में ओडिया एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में कदम रख दिया था। उनके पिता मर्चेंट नेवी में कैप्टन हैं, जबकि मां एक प्रशिक्षित ओडिसी डांसर हैं।
उन्होंने KIIT से जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन किया है। सिवानी का कहना है कि एक्टिंग उनका पैशन है, लेकिन पढ़ाई को उन्होंने हमेशा बैकअप के तौर पर रखा। उनकी नानी उनके करियर की सबसे बड़ी प्रेरणा और सपोर्ट सिस्टम रही हैं।
एक्टिंग, डांस और सोशल मीडिया पर मजबूत पकड़
सिवानी कई टीवी शोज और फिल्मों में चाइल्ड आर्टिस्ट के तौर पर काम कर चुकी हैं। साल 2017 में फिल्म सिस्टर श्रीदेवी से उन्हें बड़ा ब्रेक मिला। इसके अलावा वे 2019 के विधानसभा और लोकसभा चुनावों में स्टेट आइकॉन भी रह चुकी हैं।
सोशल मीडिया पर भी सिवानी की अच्छी-खासी मौजूदगी है। इंस्टाग्राम पर उन्हें 1.1 मिलियन से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं, जहां वह अपने स्टाइल, शूट्स और काम से जुड़ी झलकियां साझा करती रहती हैं। यही वजह है कि वायरल वीडियो के बाद लोग उन्हें तेजी से सर्च कर रहे हैं।











