बिहार सरकार ने राज्य के बाहर रहने वाले बिहारवासियों के हित में एक बड़ा फैसला लिया है। अब दिल्ली की तर्ज पर मुंबई में भी अत्याधुनिक Bihar Bhawan का निर्माण किया जाएगा।
Mumbai to Get 30-Storey Bihar Bhawan: मुंबई में अब बिहार के लोगों के लिए एक बड़ी सुविधा शुरू होने जा रही है। बिहार सरकार ने मुंबई में 30 मंजिला अत्याधुनिक बिहार भवन बनाने की मंजूरी दी है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना की लागत 314.20 करोड़ रुपये है और यह एलिफिंस्टन एस्टेट में बनेगा। भवन का मुख्य उद्देश्य मुंबई आने वाले बिहार के मरीजों और उनके परिजनों को सस्ती, सुरक्षित और आधुनिक सुविधा प्रदान करना है।
राज्य कैबिनेट से मिली मंजूरी
भवन निर्माण विभाग ने इस परियोजना की विस्तृत योजना तैयार कर ली है। विभागीय सचिव कुमार रवि ने जानकारी दी कि मंगलवार को हुई राज्य कैबिनेट की बैठक में इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए 314.20 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई। इससे बिहार सरकार की राज्य के बाहर रहने वाले नागरिकों के कल्याण की दिशा में बड़ी पहल साबित होगी।
बिहार भवन का निर्माण मुंबई पोर्ट ट्रस्ट क्षेत्र में स्थित एलिफिंस्टन एस्टेट में किया जाएगा। यह परिसर लगभग 0.68 एकड़ में फैला होगा और इसे आधुनिक शहरी डिजाइन के अनुरूप विकसित किया जाएगा। भवन के निर्माण में आवास, सरकारी कामकाज और बैठकों की सभी सुविधाओं का ध्यान रखा गया है।

30 मंजिला अत्याधुनिक और स्मार्ट भवन
प्रस्तावित भवन बेसमेंट समेत 30 मंजिला होगा और इसकी ऊंचाई लगभग 69 मीटर होगी। भवन को इस तरह डिज़ाइन किया गया है कि इसमें सरकारी कार्यालय, बैठक और आवासीय सुविधा तीनों का संतुलित प्रबंधन संभव हो। बिहार भवन का मुख्य आकर्षण मुंबई आने वाले मरीजों के लिए विशेष सुविधाएं होंगी। खासकर कैंसर और गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आने वाले मरीजों और उनके परिजनों के लिए ठहरने की सुविधा सुनिश्चित की जाएगी।
भवन में मरीजों और उनके परिजनों के लिए 240 बेड की डोरमेट्री विकसित की जाएगी। इससे उन्हें कम खर्च में सुरक्षित और सुविधाजनक ठहराव मिलेगा। यह सुविधा आम बिहारवासियों के लिए बेहद उपयोगी साबित होगी।
178 आधुनिक कमरे और आवासन सुविधा
भवन में 178 कमरे बनाए जाएंगे, जो सरकारी अधिकारियों, बैठकों में शामिल प्रतिनिधियों और अन्य आवश्यक आगंतुकों के लिए उपलब्ध होंगे। सभी कमरे आधुनिक सुविधाओं से लैस होंगे। भवन में सेंसर आधारित स्मार्ट ट्रिपल और डबल डेकर पार्किंग की सुविधा होगी, जिसमें 233 वाहनों की पार्किंग संभव होगी। इससे मुंबई जैसे व्यस्त शहर में पार्किंग की समस्या कम होगी और आगंतुकों को सुविधा होगी।
भवन में 72 लोगों की क्षमता वाला कॉन्फ्रेंस हॉल, कैफेटेरिया, मेडिकल रूम और अन्य जरूरी सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। इस तरह, आवासीय और सरकारी कार्यों के लिए सभी सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगी। भवन निर्माण विभाग के सचिव कुमार रवि ने कहा कि मुंबई में बिहार भवन का निर्माण बिहार की प्रगति और जनकल्याण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह परियोजना राज्य के बाहर रहने वाले बिहारवासियों को सम्मान, सुविधा और सहारा तीनों एक साथ प्रदान करेगी।











