नाहरगढ़ जैविक उद्यान में रविवार को पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ी, जहां सुहावने मौसम और अवकाश ने वन्यजीव पर्यटन को और रोमांचक बना दिया। कुल 2,068 पर्यटक उद्यान पहुंचे, जिनमें लायन सफारी सबसे बड़ा आकर्षण रही और सैकड़ों लोगों ने एशियाटिक लायन को नजदीक से देखने का रोमांचक अनुभव लिया।
जयपुर: राजधानी स्थित नाहरगढ़ जैविक उद्यान में रविवार को 2,000 से अधिक पर्यटकों ने पहुंचकर वन्यजीवों के बीच एक रोमांचक दिन बिताया। सुबह से ही प्रवेश द्वार पर लंबी कतारें लगी रहीं और पूरा उद्यान पर्यटकों की चहल-पहल से गुलजार हो उठा। सबसे बड़ा आकर्षण लायन सफारी रही, जिसमें 432 लोगों ने हिस्सा लेते हुए जंगल के बीच एशियाटिक लायन को बेहद करीब से देखने का रोमांच महसूस किया। खुली बसों में सफर करते हुए पर्यटकों ने शेरों की चाल, गर्जना और प्राकृतिक गतिविधियों को प्रत्यक्ष रूप से देखा, जो बच्चों और बड़ों दोनों के लिए यादगार अनुभव साबित हुआ।
सहायक वन संरक्षक देवेंद्र सिंह राठौड़ के अनुसार, लायन सफारी के प्रति पर्यटकों का बढ़ता रुझान साबित करता है कि वन्यजीव पर्यटन तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। नाहरगढ़ उद्यान का यह आकर्षण अब जयपुर आने वाले पर्यटकों की सूची में शीर्ष पर शामिल हो चुका है।
व्हाइट टाइगर बना दूसरा बड़ा आकर्षण
लायन सफारी के साथ व्हाइट टाइगर भी पर्यटकों की दिलचस्पी का मुख्य केंद्र रहा। कई परिवार, छात्र समूह और बाहरी पर्यटक विशेष रूप से इस दुर्लभ बाघ को देखने पहुंचे और लंबे समय तक उसकी गतिविधियों को उत्सुकता से देखते रहे।
उद्यान की हरी-भरी घास, शांत वातावरण और प्राकृतिक सौंदर्य ने आगंतुकों के अनुभव को और भी खास बनाया। शहर की भीड़-भाग से दूर यह जगह पर्यटकों के लिए एक आदर्श वीकेंड स्पॉट बनकर उभरी है।
सफारी में बढ़ी सुरक्षा
मुख्य वन संरक्षक डॉ. टी. मोहनराज की निगरानी में उद्यान की व्यवस्थाओं को लगातार मजबूत किया जा रहा है। लायन सफारी गेट और बस चालकों को वायरलेस सेट उपलब्ध कराए गए हैं, जिससे सफारी रूट पर संचार और निगरानी अधिक प्रभावी हुई है।
इसके साथ ही सफाई व्यवस्था, गाइडेंस सुविधाएं और आंतरिक यातायात प्रबंधन पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। बेहतर सुविधाओं के कारण पर्यटकों का अनुभव और सुरक्षित तथा सुगम होता जा रहा है।
तेजी से उभर रहा प्रमुख पर्यटन केंद्र
नाहरगढ़ जैविक उद्यान अब सिर्फ जयपुरवासियों के लिए ही नहीं, बल्कि बाहरी राज्यों के पर्यटकों के लिए भी रोमांच, प्रकृति और ज्ञान का एक बड़ा केंद्र बन गया है। बढ़ते आकर्षण के कारण यहां फुटफॉल लगातार बढ़ रहा है।
आगामी पर्यटन सीजन में पर्यटकों की संख्या में और उछाल की उम्मीद है। विशेषज्ञों का मानना है कि लगातार सुधार और बढ़ते आकर्षण के साथ यह उद्यान राजस्थान के प्रमुख पर्यटन स्थलों में अपनी जगह और मजबूत करेगा।











