न्यू ईयर पार्टी का बहाना देकर, पाइप से पीट-पीटकर युवक की हत्या, लाश कार में छोड़कर फरार

न्यू ईयर पार्टी का बहाना देकर, पाइप से पीट-पीटकर युवक की हत्या, लाश कार में छोड़कर फरार
AI IMAGE

श्रीगंगानगर में शादीशुदा बहन से बात करने पर नाराज भाइयों ने 22 वर्षीय पालाराम को न्यू ईयर पार्टी के बहाने बुलाकर पीट-पीटकर मार डाला। रास्ते में युवक की मौत हो गई। पुलिस ने तीन आरोपियों को हिरासत में लिया।

Rajasthan: श्रीगंगानगर के सेक्टर-17 के पास हनुमानगढ़-श्रीगंगानगर स्टेट हाईवे पर गुरुवार सुबह राहगीरों ने एक कार में युवक का शव देखा। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सदर थाना के SHO सुभाषचंद्र ने बताया कि पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया। शव की पहचान 22 वर्षीय पालाराम, निवासी हनुमानगढ़ के रूप में हुई।

परिवार के लोगों ने बताया कि युवक सुबह तक घर नहीं लौटा। इस दौरान रिश्तेदारों ने परिजनों को बताया कि लड़कों में झगड़ा हुआ था और पालाराम की मौत हो गई।

बहन से बात करने पर नाराज थे 

जांच में सामने आया कि पालाराम लालगढ़ जाटान के रहने वाली विवाहिता से फोन पर बातचीत करता था। इस बात का पता विवाहिता के भाइयों और परिजनों को लग गया। 31 दिसंबर की रात, विवाहिता के भाइयों ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर पालाराम को न्यू ईयर पार्टी के बहाने रीको इंडस्ट्रियल एरिया बुलाया। 

वहाँ उसे शराब पिलाई और नशे की हालत में प्लास्टिक पाइप से बेरहमी से पीटा गया। इस पूरी घटना का मकसद युवक को डराना और उसे सबक सिखाना था। लेकिन मारपीट की वजह से उसकी हालत गंभीर हो गई।

अस्पताल ले जाते समय युवक की मौत

घायलों को अस्पताल ले जाते समय पालाराम ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। इसके बाद आरोपी युवक का शव चेताली एनक्लेव के पास कार में छोड़कर भाग गए। पुलिस ने तीन मुख्य आरोपियों को डिटेन किया है और उनसे पूछताछ कर रही है। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने शराब पिला कर और नशे की हालत में मारपीट की थी। 

पुलिस का कहना है कि आरोपी जल्द ही गिरफ्तार होंगे और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a comment