ट्राई सीरीज 2025 में पाकिस्तान ने श्रीलंका को 7 विकेट से हराते हुए शानदार जीत दर्ज की। मोहम्मद नवाज़ ने तीन विकेट लेकर श्रीलंका को 128 पर रोका। चेज में साहिबजादा फरहान ने नाबाद 80 रन बनाकर पाकिस्तान को आसान जीत दिलाई।
PAK vs SL: ट्राई सीरीज 2025 में पाकिस्तान ने श्रीलंका को 7 विकेट से हराकर एक तरफ़ा जीत दर्ज की। श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया, लेकिन शुरुआत से ही टीम संघर्ष करती नजर आई। टॉप ऑर्डर और मिडिल ऑर्डर एक-एक कर ढह गए और पूरी टीम 20 ओवर्स में सिर्फ 128 रन ही बना सकी। बड़े शॉट खेलना मुश्किल साबित हुआ और साझेदारियां भी नहीं बन पाईं, जिसके कारण श्रीलंका दबाव से निकल ही नहीं सका।
लियानागे का संघर्ष
श्रीलंका की ओर से सिर्फ जैनिथ लियानागे ही टिककर खेल सके। उन्होंने 41 रन बनाकर टीम को सम्मानजनक स्कोर की ओर ले जाने की कोशिश की। उनके अलावा कोई भी बल्लेबाज 25 रन के आंकड़े तक नहीं पहुंच पाया। पाकिस्तान की सटीक बॉलिंग लाइन और लेंथ ने श्रीलंका की कमज़ोरी को उजागर कर दिया और टीम पूरे मैच में लय नहीं पकड़ सकी।
नवाज़ की धारदार गेंदबाजी

पाकिस्तान की गेंदबाजी इस जीत की सबसे बड़ी ताकत साबित हुई। मोहम्मद नवाज़ ने अपनी तेज़ और शार्प स्पिन गेंदबाजी से श्रीलंकाई बल्लेबाज़ों को बांधे रखा। उन्होंने तीन अहम विकेट लेकर मध्यक्रम को पूरी तरह बिखेर दिया। तेज गेंदबाजों ने शुरुआत में ही दबाव बनाया और बाद में स्पिनर्स को फायदा मिला। पूरी गेंदबाजी यूनिट की नियंत्रित प्रदर्शन ने ही श्रीलंका को छोटे स्कोर पर रोक दिया।
फरहान की नाबाद 80 रन की पारी
लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान का टॉप ऑर्डर आत्मविश्वास से भरा दिखा। ओपनर सैम अयूब ने 20 रन जोड़कर टीम को ठोस शुरुआत दी। इसके बाद साहिबजादा फरहान ने पारी संभाली और 45 गेंदों पर नाबाद 80 रन बनाकर मैच खत्म किया। उनकी पारी में 6 चौके और 5 छक्के शामिल थे। बाबर आजम 16 रन बनाकर आउट हुए, लेकिन एक छोर पर फरहान मजबूती से टिके रहे और पाकिस्तान ने लक्ष्य को आसानी से चेज कर लिया।
टी20 क्रिकेट में फरहान का शानदार वर्ष
साहिबजादा फरहान इस समय टी20 क्रिकेट में बेहतरीन फॉर्म दिखा रहे हैं। साल 2025 में उन्होंने अब तक 1730 टी20 रन बनाए हैं, जिसमें चार शतक और 11 अर्धशतक शामिल हैं। वह एक कैलेंडर ईयर में 100 से अधिक छक्के लगाने वाले पहले पाकिस्तानी खिलाड़ी बन चुके हैं। टी20I में भी उन्होंने 32 मैचों में 762 रन बनाए हैं और छह अर्धशतक लगाए हैं। टीम में पहले अंदर-बाहर होते रहने के बाद अब वे पाकिस्तान की टी20 टीम की मजबूत कड़ी बन चुके हैं।











