पूर्णिया एयरपोर्ट को लेकर एक बार फिर सियासी बहस तेज हो गई है। सांसद पप्पू यादव ने राज्य सरकार पर उदासीनता का आरोप लगाते हुए कहा कि अगर सरकार गंभीर होती, तो एयरपोर्ट का विकास और भी तेजी से हो सकता था।
पूर्णिया: सांसद पप्पू यादव ने पूर्णिया एयरपोर्ट के विकास में राज्य सरकार की उदासीनता पर सवाल उठाए हैं और एयरपोर्ट के नामकरण को लेकर पुनः जोरदार मांग की है। उन्होंने कहा कि अगर सरकार समय रहते एयरपोर्ट के विकास पर गंभीर होती, तो इसका महत्व और क्षेत्रीय कनेक्टिविटी और अधिक मजबूत हो सकती थी।
पप्पू यादव ने केंद्रीय नागर विमानन मंत्री राममोहन नायडू किंजरापु के पत्र का हवाला देते हुए बताया कि पूर्णिया एयरपोर्ट से अब जल्द ही चेन्नई के लिए भी विमान सेवा शुरू होने वाली है। वर्तमान में एयरपोर्ट से इंडिगो और स्टार एयर के माध्यम से कोलकाता, अहमदाबाद, दिल्ली और हैदराबाद के लिए सीधी उड़ान सुविधा उपलब्ध है। इस एयरपोर्ट से प्रति सप्ताह लगभग 70 अनुसूचित उड़ानें संचालित हो रही हैं।
एयरपोर्ट का उद्घाटन

पूर्णिया एयरपोर्ट का उद्घाटन 15 सितंबर 2025 को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा किया गया था। उद्घाटन के तुरंत बाद यह एयरपोर्ट कार्यशील हो गया। केंद्रीय मंत्री के पत्र के अनुसार, एयरपोर्ट को उड़ान 5.0 योजना के तहत विकास और क्षेत्रीय कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए चयनित किया गया था। सांसद पप्पू यादव ने कहा कि इस योजना के माध्यम से सीमांचल और कोसी-पूर्णिया प्रमंडल के लाखों लोगों को व्यापार, शिक्षा और रोजगार के नए अवसर मिलेंगे।
यदि एयरपोर्ट पर पूरी तरह से ध्यान दिया गया और राज्य सरकार केंद्र के साथ बेहतर समन्वय करती, तो यह क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास में बड़ा बदलाव ला सकता था।
एयरपोर्ट का नामकरण: फणीश्वर नाथ रेणु या भोला पासवान शास्त्री
पप्पू यादव ने एयरपोर्ट के नामकरण पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह अभी तक लंबित है और राज्य सरकार की लापरवाही इसे प्रभावित कर रही है। उन्होंने दो बार पुनः यह मांग की कि एयरपोर्ट का नाम फणीश्वर नाथ रेणु या भोला पासवान शास्त्री के नाम पर रखा जाए। उनका कहना है कि ये दोनों विभूतियां पूर्णिया अंचल की पहचान और गौरव हैं। उन्होंने बताया कि नामकरण में हो रही देरी सरकार की असंवेदनशीलता को दर्शाती है। सांसद का मानना है कि उचित नामकरण से एयरपोर्ट की पहचान और ऐतिहासिक महत्व को सम्मान मिलेगा और स्थानीय लोगों में गर्व की भावना बढ़ेगी।
पूर्णिया-चेन्नई उड़ान को लेकर पप्पू यादव ने कहा कि घरेलू विमानन क्षेत्र अब नियंत्रणमुक्त है, इसलिए नए रूट पर उड़ान शुरू करना पूरी तरह एयरलाइन कंपनियों के वाणिज्यिक निर्णय पर निर्भर करता है। हालांकि, सांसद ने एयरलाइनों के साथ इस अनुरोध को साझा कर दिया है और सकारात्मक निर्णय की उम्मीद जताई है।












