Columbus

PDA पाठशाला: अखिलेश यादव का BJP पर तीखा हमला, शिक्षा और विकास को लेकर जताई गहरी चिंता

PDA पाठशाला: अखिलेश यादव का BJP पर तीखा हमला, शिक्षा और विकास को लेकर जताई गहरी चिंता

सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मंगलवार को योगी सरकार पर तीखा हमला बोला। लखनऊ में जनेश्वर मिश्र की पुण्यतिथि पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद मीडिया से बातचीत में अखिलेश यादव ने PDA (पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक) पाठशाला को लेकर बड़ा बयान दिया।

लखनऊ: समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मंगलवार को प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने PDA पाठशाला (पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक) अभियान को लेकर स्पष्ट कहा कि पुलिस या प्रशासन इसे रोक नहीं सकता। उन्होंने दावा किया कि जब तक राज्य सरकार सभी सरकारी स्कूलों में योग्य शिक्षकों की नियुक्ति नहीं करती, तब तक सपा कार्यकर्ता खुद बच्चों को पढ़ाते रहेंगे। यह बयान अखिलेश यादव ने जनेश्वर मिश्र की पुण्यतिथि के अवसर पर लखनऊ में उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण करते हुए दिया।

PDA पाठशाला पर सरकार को चुनौती

अखिलेश यादव ने साफ कहा, PDA पाठशाला एक जन आंदोलन है। जब सरकार अपने कर्तव्यों से पीछे हट जाती है, तो समाजवादी कार्यकर्ता ही जनता का साथ देते हैं। उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर बच्चों को मुफ्त शिक्षा देंगे और किसी भी प्रशासनिक दबाव से पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार की लापरवाही की वजह से स्कूलों की छतें गिर रही हैं, जिससे बच्चों की जान खतरे में है।

सपा प्रमुख ने कहा कि राज्य सरकार खुद मान चुकी है कि कई स्कूल बंद हो चुके हैं और कुछ को जबरन दूसरे स्कूलों में मर्ज कर दिया गया है। इस प्रक्रिया से बच्चों की पढ़ाई पर गहरा असर पड़ा है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से अपील की कि वे स्वयं स्कूलों का निरीक्षण करें, ताकि जमीनी हकीकत सामने आ सके। अगर सरकार बच्चों को शिक्षक नहीं दे सकती, तो समाजवादी पार्टी अपने संसाधनों से शिक्षा व्यवस्था को संभालेगी।

प्रयागराज में बाढ़ और झूठे विकास कार्यों पर निशाना

अखिलेश यादव ने प्रयागराज में आई बाढ़ की स्थिति पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि योगी सरकार ने 20,000 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं का दावा किया था, लेकिन थोड़ी सी बारिश में पूरा शहर जलमग्न हो गया। उन्होंने सवाल उठाया कि यह कैसा विकास मॉडल है, जो पहली बारिश में ही दम तोड़ देता है? सरकार का विकास केवल कागज़ों पर है, जमीनी हकीकत बिलकुल अलग है।

अखिलेश यादव ने BJP नेताओं द्वारा सांसद इकरा हसन और डिंपल यादव पर की गई विवादित टिप्पणियों की कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा कि BJP की भाषा शैली और मानसिकता महिला विरोधी है। यह सिर्फ व्यक्तिगत टिप्पणी नहीं, बल्कि महिला अस्मिता पर सीधा हमला है। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि समाजवादी पार्टी इस मुद्दे को संसद से लेकर सड़क और कोर्ट तक ले जाएगी।

जातीय व धार्मिक भेदभाव पर जताई नाराज़गी

अखिलेश ने पुलिस प्रशासन पर जातीय और धार्मिक आधार पर कार्रवाई करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि संविधान की भावना के खिलाफ जाकर अगर किसी एक जाति या धर्म विशेष को टारगेट किया जा रहा है, तो यह पूरी व्यवस्था पर सवाल खड़ा करता है। हम इस मामले को न्यायपालिका के समक्ष ले जाएंगे।

अपने संबोधन के अंत में अखिलेश यादव ने दो टूक कहा कि BJP सरकार PDA (पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक) वर्ग की आवाज़ को जितना दबाएगी, वह उतनी ही शक्ति के साथ उभरेगा। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी सामाजिक न्याय, समानता और संविधान की रक्षा के लिए हर मोर्चे पर संघर्ष करती रहेगी।

Leave a comment