मशहूर गायक अरिजीत सिंह ने प्लेबैक सिंगिंग से रिटायरमेंट के बाद इंडिपेंडेंट गाना ‘रैना’ रिलीज किया। गाने में उनकी सुकूनभरी आवाज़ और रोमांटिक अंदाज फैंस का दिल जीत रहा है।
Arijit Singh: मशहूर गायक अरिजीत सिंह ने कुछ समय पहले अपनी प्लेबैक सिंगिंग से रिटायरमेंट का ऐलान किया था। इस फैसले ने उनके फैंस को काफी निराश किया था। लेकिन अब उन्होंने अपने चाहने वालों को एक खास सरप्राइज दिया है। फिल्मों से दूरी बनाने के बाद अरिजीत ने इंडिपेंडेंट म्यूजिक की दुनिया में कदम रखा और अपना नया गाना ‘रैना’ रिलीज कर दिया।
इंडिपेंडेंट म्यूजिक में पहला कदम
‘रैना’ अरिजीत सिंह का पहला इंडिपेंडेंट ट्रैक है। इस गाने को उन्होंने मशहूर संगीतकार और गायक शेखर रवजियानी के साथ मिलकर तैयार किया है। अरिजीत और शेखर ने इस गाने के रिलीज होने की जानकारी सोशल मीडिया पर साझा की। फैंस के लिए यह एक बड़ा सरप्राइज रहा, क्योंकि लंबे समय से वे प्लेबैक सिंगिंग की दुनिया में सक्रिय थे।
गाने के रिलीज होते ही यह सोशल मीडिया पर छा गया। अरिजीत की सुकूनभरी आवाज ने लोगों के दिलों को छू लिया। गाने के बोल प्रिया सरैया ने लिखे हैं और यह एक ऐसा लव सॉन्ग है जो सीधे श्रोताओं के दिल में उतर जाता है।
फैंस ने दिखाया प्यार

गाने के रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर अरिजीत सिंह के फैंस की खुशी साफ देखने को मिली। लोग उनके कमबैक को लेकर उत्साहित नजर आए। कई फैंस ने अपने विचार साझा किए और गाने की तारीफ की। एक यूजर ने लिखा, ‘प्लेबैक सिंगिंग से दूरी के बाद इंडिपेंडेंट म्यूजिक में ऐसा कमबैक, सच में कमाल है।’ वहीं दूसरे फैन ने कहा, ‘अरिजीत का यह अंदाज बिल्कुल अलग है, धीमा, सुकून भरा और दिल को छू लेने वाला है।’
फैंस के लिए यह गाना सिर्फ संगीत नहीं, बल्कि अरिजीत के साथ जुड़े यादगार पलों की याद भी ताजा कर रहा है। सोशल मीडिया पर लोगों की प्रतिक्रियाओं से साफ है कि गायक की लोकप्रियता अभी भी बरकरार है और इंडिपेंडेंट म्यूजिक में उनका यह कदम सराहनीय माना जा रहा है।
रिटायरमेंट का ऐलान
अरिजीत सिंह ने 27 जनवरी को इंस्टाग्राम पर अपने फैंस को चौंकाते हुए प्लेबैक सिंगिंग से रिटायरमेंट का ऐलान किया था। उन्होंने लिखा था कि इतने सालों तक बतौर श्रोता उन्हें इतना प्यार देने के लिए वे आभारी हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि अब वह प्लेबैक सिंगर के तौर पर कोई नया प्रोजेक्ट नहीं करेंगे और इस सफर को अलविदा कह रहे हैं।
इस घोषणा के बाद उनके फैंस में निराशा और मिलीजुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। लेकिन इंडिपेंडेंट म्यूजिक के इस नए गाने के जरिए अरिजीत ने यह साबित कर दिया कि उनकी आवाज़ और संगीत क्षमता अब भी उतनी ही दमदार है।












