Pune

PM Modi: त्रिनिदाद एंड टोबैगो में मोदी का सम्मान, 25 साल पुराने रिश्तों का हुआ पुनः स्मरण

PM Modi: त्रिनिदाद एंड टोबैगो में मोदी का सम्मान, 25 साल पुराने रिश्तों का हुआ पुनः स्मरण

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी त्रिनिदाद और टोबैगो की दो दिवसीय यात्रा पर हैं। यह दौरा उनके 1999 के विश्व हिंदू सम्मेलन से शुरू हुए पुराने रिश्ते का प्रतीक है। इस दौरान उन्हें देश का सर्वोच्च सम्मान भी मिला।

PM Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर त्रिनिदाद और टोबैगो पहुंचे हैं। यह यात्रा केवल एक कूटनीतिक दौरा नहीं, बल्कि उनके 25 साल पुराने उस ऐतिहासिक संबद्धता का प्रतीक है, जब उन्होंने विश्व हिंदू सम्मेलन में भाग लिया था। इस दौरे में उन्हें देश का सर्वोच्च नागरिक सम्मान भी मिला।

1999-2000 में विश्व हिंदू सम्मेलन से जुड़ा था पुराना संबंध

प्रधानमंत्री बनने से पहले नरेंद्र मोदी ने 1999 में भाजपा के महासचिव के रूप में त्रिनिदाद यात्रा की थी। अगस्त 2000 में उन्होंने पोर्ट-ऑफ-स्पेन में आयोजित विश्व हिंदू सम्मेलन में भाग लिया था। इस सम्मेलन में त्रिनिदाद के तत्कालीन प्रधानमंत्री बासदेव पांडे, आरएसएस प्रमुख के. सुदर्शन और अन्य वरिष्ठ नेता भी शामिल हुए थे। इस सम्मेलन का विषय था – ‘हिंदू धर्म और समकालीन विश्व समस्याएं – विकासशील तकनीक और मनुष्य की चुनौतियां’।

वैश्विक हिंदू नेतृत्व के रूप में उभरे थे मोदी

इस सम्मेलन में दिए गए भाषण से नरेंद्र मोदी की अंतरराष्ट्रीय पहचान बननी शुरू हुई। इसके बाद नवंबर 2000 में वे भाजपा के संगठन प्रभारी महासचिव बने और 2001 में गुजरात के मुख्यमंत्री बने।

प्रवासी भारतीयों को संबोधित किया

प्रधानमंत्री मोदी ने त्रिनिदाद में बसे भारतीय मूल के लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि उनका संघर्ष प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा, "भारतीय समुदाय की यात्रा साहस और धैर्य की मिसाल है। वे जिन हालातों में यहां आए, वे किसी को भी तोड़ सकते थे, लेकिन उन्होंने संघर्ष को उम्मीद और हिम्मत से झेला।"

प्रधानमंत्री मोदी को मिला त्रिनिदाद का सर्वोच्च नागरिक सम्मान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ‘ऑर्डर ऑफ त्रिनिदाद एंड टोबैगो’ सम्मान से नवाजा गया है। यह त्रिनिदाद और टोबैगो का सर्वोच्च नागरिक सम्मान है। मोदी ने कहा कि त्रिनिदाद में बसे भारतीय समुदाय ने इस देश की आर्थिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक प्रगति में अहम भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा, "भारत और त्रिनिदाद एक ही परिवार के सदस्य हैं। हमारी मित्रता भूगोल या पीढ़ियों से कहीं आगे की चीज़ है।"

त्रिनिदाद की प्रधानमंत्री के साथ रात्रिभोज

प्रधानमंत्री मोदी त्रिनिदाद की प्रधानमंत्री कमला प्रसाद-बिसेसर द्वारा आयोजित रात्रिभोज में शामिल हुए। इस अवसर पर मोदी ने उन्हें अयोध्या के राम मंदिर की प्रतिकृति और सरयू नदी तथा प्रयागराज कुंभ का जल भेंट किया। प्रधानमंत्री मोदी ने इसे दोनों देशों के बीच आध्यात्मिक और सांस्कृतिक रिश्तों का प्रतीक बताया।

पारंपरिक पत्ते पर भोजन

इस रात्रिभोज में प्रधानमंत्री मोदी को ‘सोहारी’ नामक पत्ते पर पारंपरिक भोजन परोसा गया। इस पत्ते का त्रिनिदाद और टोबैगो के भारतीय मूल के समुदाय में विशेष सांस्कृतिक महत्व है। त्योहारों और खास अवसरों पर इसी पर भोजन परोसा जाता है।  यह यात्रा भारत और त्रिनिदाद के रिश्तों को नई दिशा देने का काम करेगी। दोनों देशों के बीच व्यापार, संस्कृति, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाएं हैं।

Leave a comment