Columbus

राष्ट्रपति ट्रंप ने की पीएम मोदी की तारीफ, कहा- उनका राजनीतिक करियर नहीं बिगाड़ूंगा

राष्ट्रपति ट्रंप ने की पीएम मोदी की तारीफ, कहा- उनका राजनीतिक करियर नहीं बिगाड़ूंगा

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने प्रधानमंत्री मोदी को महान बताया और मजाक में कहा कि वे उनका राजनीतिक करियर बर्बाद नहीं करना चाहते। ट्रंप ने भारत से रूस से तेल खरीद बंद करने के आश्वासन और दोनों देशों के संबंधों पर भी टिप्पणी की।

Trump News: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करते हुए उन्हें ‘महान व्यक्ति’ बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी उन्हें प्यार करते हैं। हालांकि, ट्रंप ने तुरंत स्पष्ट किया कि इस बयान को गलत तरीके से न लिया जाए और वे मोदी का राजनीतिक करियर बर्बाद नहीं करना चाहते।

ट्रंप ने कहा, "मोदी एक ग्रेट मैन हैं। वह मुझसे प्यार करते हैं, लेकिन मुझे नहीं पता कि लोग इस प्यार का कोई गलत मतलब निकाल लें। मैं उनका राजनीतिक करियर खराब नहीं करना चाहता।" उनका यह मजाकिया अंदाज सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा में आया और इसे लेकर कई लोग प्रतिक्रिया दे रहे हैं।

भारत और रूस से तेल खरीद को लेकर ट्रंप का बयान

ट्रंप का यह बयान उसी समय आया जब उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री मोदी ने उन्हें भरोसा दिलाया है कि भारत अब रूस से तेल नहीं खरीदेगा। उन्होंने कहा कि यह आश्वासन यूक्रेन युद्ध में रूस को अलग-थलग करने की अमेरिका की कोशिशों के लिए मददगार है।

ट्रंप ने कहा, "हम खुश नहीं थे कि भारत रूस से तेल खरीद रहा था। इससे रूस को जंग जारी रखने में मदद मिलती थी। इस युद्ध में लाखों लोगों ने अपनी जान गंवाई है। मैं खुश हूं कि मोदी ने आश्वासन दिया है कि भारत अब रूस से तेल नहीं खरीदेगा। यह बड़ा कदम है। अब हमें चीन से भी यही करवाना होगा।"

ट्रंप की नजर में भारत

ट्रंप ने भारत की तारीफ करते हुए कहा कि यह एक अविश्वसनीय देश है। उन्होंने यह भी कहा कि वर्षों तक भारत में नेता बदलते रहते थे, लेकिन अब उनके दोस्त मोदी लंबे समय से देश में हैं। ट्रंप ने कहा, "मैंने सालों से भारत को देखा है। अब मोदी लंबे समय से प्रधानमंत्री हैं और उनके नेतृत्व में भारत स्थिर है।"

व्हाइट हाउस में तस्वीर

हाल ही में अमेरिका ने सर्जियो गोर को भारत में अपना नया राजदूत नियुक्त किया। सर्गियो गोर ने नई दिल्ली में प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात की और उन्हें व्हाइट हाउस में ट्रंप के साथ ली गई तस्वीर भेंट की। इस तस्वीर पर ट्रंप ने लिखा था, "मिस्टर प्राइम मिनिस्टर, आप महान हैं।"

एक पत्रकार ने ट्रंप से इस मुलाकात और तस्वीर को लेकर सवाल किया, तो उन्होंने मोदी को महान शख्सियत बताया और कहा कि उनके बीच अच्छे रिश्ते हैं। उनका यह बयान अमेरिका और भारत के बीच हाल के महीनों में तनावपूर्ण संबंधों के बीच आया।

भारत पर अमेरिकी टैरिफ 

ट्रंप प्रशासन ने हाल ही में भारत पर 50 फीसदी टैरिफ लगा दिया था और आरोप लगाया था कि भारत रूस से तेल खरीदकर रूस की जंग को फंड कर रहा है। भारत ने इसके जवाब में कहा कि 140 करोड़ की आबादी वाले देश के लिए सस्ती ऊर्जा बेहद जरूरी है और उन्होंने टैरिफ हटाने की मांग की। हालांकि, इस मामले पर अभी भी गतिरोध बना हुआ है।

Leave a comment