अलवर में विवाहिता ने युवक पर ब्लैकमेलिंग, दुष्कर्म, पैसों की वसूली और बच्चे के साथ बेरहमी का आरोप लगाया है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Rajasthan: पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी पहचान 22 वर्षीय युवक ऋषम शर्मा से हुई थी। दोनों के बीच व्हाट्सएप पर बातचीत होती थी। आरोप है कि आरोपी ने इसी चैटिंग को हथियार बनाकर पीड़िता को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया।
15 अप्रैल 2025 को आरोपी ने चैटिंग पति को दिखाने की धमकी देकर पीड़िता को एक दोस्त के होटल में ले गया, जहां उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद आरोपी लगातार उसे डराता रहा और अलग-अलग जगहों पर ले जाकर दुष्कर्म करता रहा।
पैसों और गहनों की जबरन वसूली
पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने कई बार उससे पैसे भी ऐंठे। 7 सितंबर को आरोपी उसके घर पहुंचा और आपत्तिजनक फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देकर करीब 5 लाख रुपये और गहने ले लिए।
इसके बाद आरोपी पीड़िता और उसके दो साल के बेटे को जयपुर ले गया। 10 सितंबर को वह पीड़िता को अलवर कोर्ट लेकर पहुंचा, जहां उसने पीड़िता के पति से 30 लाख रुपये की मांग की और तलाक देने का दबाव बनाया। जब पति ने मना किया तो आरोपी ने झगड़ा किया और धमकियां दीं।
मासूम बेटे के साथ भी क्रूरता का आरोप

पीड़िता ने बताया कि 16 अक्टूबर को आरोपी अपने एक दोस्त के साथ उसके पीहर पहुंचा। वहां ब्लैकमेल कर करीब 1 लाख 56 हजार रुपये, गहने और एक ब्लैंक चेक ले लिया। इसके बाद उसे जयपुर ले जाकर एक कमरे में बंद कर दिया और दुष्कर्म किया।
पीड़िता का यह भी आरोप है कि जब उसने विरोध किया तो आरोपी ने उसके दो साल के बेटे को जान से मारने की धमकी दी। इतना ही नहीं, बच्चे के हाथ पर गर्म चिमटे से दागने जैसा अमानवीय कृत्य भी किया।
फ्लैट में बंद कर फिर किया अत्याचार
17 अक्टूबर को आरोपी पीड़िता को जयपुर कोर्ट में एक वकील के पास ले गया और कुछ कागजों व स्टांप पेपर पर जबरन हस्ताक्षर कराए। मना करने पर उसने आत्महत्या के लिए मजबूर करने और बेटे को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी।
पीड़िता के अनुसार, 1 दिसंबर को आरोपी उसे टपूकड़ा स्थित एक फ्लैट में ले गया, जहां बंद करके दुष्कर्म किया और मारपीट भी की। लंबे समय तक डर और दबाव में रहने के बाद पीड़िता ने हिम्मत जुटाकर एनईबी थाने में मामला दर्ज कराया।










