बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने विधानसभा चुनाव से पहले एक वीडियो संदेश जारी कर राज्यवासियों से संवाद किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि साल 2005 से जनता ने लगातार उन्हें बिहार की सेवा करने का अवसर दिया है।
पटना: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आगामी विधानसभा चुनावों से पहले राज्य की जनता के नाम एक भावनात्मक वीडियो संदेश जारी किया है। इस संबोधन में उन्होंने अपने 20 साल के शासनकाल की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि आज ‘बिहारी’ कहलाना गर्व की बात है, जबकि कभी यह एक अपमान माना जाता था। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) ही बिहार को “नए गौरव के युग” की ओर आगे ले जा सकता है।
अब बिहारी कहलाना गर्व की बात है - सीएम नीतीश
सीएम नीतीश कुमार ने अपने संदेश में कहा, जब हमने 2005 में बिहार की सत्ता संभाली थी, तब ‘बिहारी’ कहलाना कई बार अपमानजनक समझा जाता था। लेकिन हमने ईमानदारी और पूरी मेहनत के साथ राज्य को नई दिशा दी। आज यह गर्व की बात है कि देश और दुनिया में ‘बिहारी’ नाम सम्मान और प्रतिभा का पर्याय बन चुका है।
उन्होंने कहा कि बिहार की छवि को बदलना आसान नहीं था, लेकिन जनभागीदारी और विकास के संकल्प ने असंभव को संभव बना दिया। मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में यह भी कहा कि सरकार ने हर वर्ग के विकास के लिए समान रूप से काम किया है —
'चाहे हिंदू हों या मुस्लिम, सवर्ण, पिछड़े, अति-पिछड़े, दलित या महादलित — हमारी सरकार ने सबके लिए काम किया है। हमने किसी के साथ भेदभाव नहीं किया, बल्कि हर वर्ग के उत्थान को प्राथमिकता दी।'
उन्होंने जोर देकर कहा कि उनका एकमात्र उद्देश्य जनता की सेवा करना रहा है, न कि परिवारवाद या निजी स्वार्थ। मैंने अपने परिवार के लिए कुछ नहीं किया, केवल जनता की सेवा की है, नीतीश कुमार ने कहा।
NDA सरकार से तेज हुई विकास की रफ्तार

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने केंद्र और राज्य में NDA की दोहरी सरकार को बिहार के विकास के लिए सबसे मजबूत सूत्र बताया। केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और राज्य में हमारी एनडीए सरकार ने विकास की रफ्तार को कई गुना बढ़ाया है। हमने बिहार को गरीबी, अपराध और पिछड़ेपन से निकालकर प्रगति के रास्ते पर लाया है।
उन्होंने कहा कि बिहार अब शिक्षा, स्वास्थ्य, बुनियादी ढांचा और महिला सशक्तिकरण जैसे क्षेत्रों में लगातार प्रगति कर रहा है। नीतीश कुमार ने कहा कि 2005 से पहले बिहार की स्थिति भयावह थी — अपराध, भ्रष्टाचार और अव्यवस्था ने आम लोगों का जीवन कठिन बना दिया था। लेकिन एनडीए सरकार बनने के बाद कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक पारदर्शिता को प्राथमिकता दी गई।
हमने न केवल सड़कें और पुल बनाए, बल्कि समाज में विश्वास भी बनाया। आज बिहार के गांवों में बिजली है, स्कूल हैं, अस्पताल हैं। यह सब जनता के समर्थन से संभव हुआ है, उन्होंने कहा। मुख्यमंत्री ने महिला आरक्षण, हर घर नल का जल, और कन्या उत्थान योजना जैसी पहल का उल्लेख करते हुए कहा कि बिहार में समाज के हर तबके को विकास की मुख्यधारा में जोड़ा गया है।
‘नए गौरव के युग’ की ओर बढ़ता बिहार
नीतीश कुमार ने कहा कि अब बिहार “नए गौरव के युग” की ओर बढ़ रहा है, हमारा लक्ष्य केवल आर्थिक विकास नहीं, बल्कि सामाजिक एकता और मानवता पर आधारित प्रगति है। बिहार के युवा आज देशभर में अपना नाम रोशन कर रहे हैं। यह राज्य अब पिछड़ा नहीं, बल्कि प्रगति का प्रतीक बन चुका है। उन्होंने कहा कि यह परिवर्तन संभव हुआ है क्योंकि एनडीए सरकार ने राजनीति से ऊपर उठकर विकास की राजनीति की है।












